इस साल की गर्मियां फैशन में होंगी न्यूट्रल जेंडर

Ad

मार्च 2026 आते ही हल्की गर्माहट के साथ कॉलेज परिसरों, कैफे और शहर की सड़कों पर एक नया फैशन संदेश दिखायी पड़ने लगा है- यह है न्यूट्रल जेंडर फैशन। वास्तव में यह केवल कपड़ों का बदलाव नहीं बल्कि सोच और पहचान का बदलाव भी है। अब फैशन यह नहीं पूछता कि आप लड़के हैं या लड़कियां। अब फैशन यह जानना चाहता है कि आप कौन हैं? भारत के युवा विशेषकर जेन-जी और नये प्रोफेशनल अब ऐसे कपड़े चुन रहे हैं, जो आरामदायक हों, अभिव्यक्ति के अनुकूल हों और किसी जेंडर विशेष की सीमाओं में न बंधते हों। यह इस गर्मी में ओवर साइज शर्ट, ढीले ट्राउजर, लिनन के कुर्ते, यूनिसेक्स टी-शर्ट तथा न्यूट्रल रंगों के एक ऐसे मिश्रण के रूप में दिखेगा जिसमें जेंडर का कोई खास लेबल नहीं होता।

बदल रही है फैशन की परिभाषा

युवा मानते हैं, कपड़े शरीर के लिए होते हैं, किसी जेंडर खास के लिए नहीं। दिल्ली विश्वविद्यालय, मुंबई के महाविद्यालयों, पुणे और बंग्लुरु के आईटी कैंपसों में यह अब आम दृश्य है कि एक ही तरह ओवर साइज शर्ट लड़कियां भी पहनती हैं और लड़के भी। वैसे ही ढीले ट्राउजर भी दोनो पहनते मिल जाएंगे और यह बदलाव सिर्फ महानगरों तक ही नहीं सीमित, छोटे और मझोले शहरों में भी अब न्यूट्रल जेंडर फैशन तेजी से दिखने लगा है।

गर्मियों के लिए है बेहद उपयुक्त

ढीले-ढाले कपड़े शरीर को जहां पसीने की परेशानी से दूर रखते हैं, वहीं लिनन और कॉटन जैसे प्राकृतिक कपड़े त्वचा के अनुकूल होते हैं। यही कारण है कि इस साल की गर्मियों में लिनन की शर्टे, कॉटन कुर्ते और ढीले ट्राउजर खूब लोकप्रिय होने जा रहे हैं। वैसे न्यूट्रल जेंडर फैशन की पहचान केवल डिजाइन से नहीं, रंगों से भी होती है। इस साल की गर्मी में चमकीले रंगों की जगह, बेज, सफेद, ग्रे, ऑलिव ग्रीन और हल्का नीला जैसे शांत रंगों का बोलबाला रहने वाला दिख रहा है। क्योंकि ये रंग केवल गर्मी से हमारी आंखों बल्कि त्वचा और पूरे शरीर को राहत देते हैं। इन रंगों की एक खास पहचान यह होती है कि इन्हें कोई भी पहन सकता है।

सोशल मीडिया, बदलाव का मंच

न्यूट्रल जेंडर फैशन की ओर झुकाव की एक बड़ी वजह सोशल मीडिया भी है। इंस्टाग्राम, यू-यूटब और पिंटरेस्ट पर हजारों युवा फैशन कंटेंट बना रहे हैं, जो जेंडर की सीमाओं को तोड़ते हैं। अब फैशन डिजाइनर ही फैशन ट्रेंड नहीं तय करते बल्कि कॉलेज के युवा, युवा प्रोफेशनल और कंटेंट क्रिएटर भी फैशन के नये प्रतीक बन रहे हैं। एक साधारण ओवर साइज शर्ट और ढीले ट्राउजर में बनी एक इंस्टाग्राम की रील लाखों युवाओं को प्रेरित कर सकती है।

न्यूट्रल जेंडर फैशन भारत के लिए कतई नया फैशन नहीं है। भारतीय पंरपरा में सदियों से धोती, अंगरखा और कुर्ता महिला तथा पुरुष दोनों ही पहनते रहे हैं। आज का न्यूट्रल जेंडर फैशन उसी परंपरा का आधुनिक रूप है। अंतर केवल इतना है कि अब इसमें वैश्विक स्ट्रीट वियर और आधुनिक डिजाइनों का भी प्रभाव शामिल हो गया है। लेकिन न्यूट्रल जेंडर फैशन केवल सुविधा या स्टाइल का मामला नहीं है। इसमें आत्मविश्वास और स्वतंत्र सोच का भी एक बड़ा हिस्सा है।

फैशन उद्योग भी बदल रहा है

भारत के प्रमुख फैशन ब्रांड में अब यूनिसेक्स कनेक्शन राज कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में फैशन में मैन और वुमन की बजाय ऑल या यूनिसेक्स जैसे दो सेक्शन हुआ करेंगे।

छोटे शहर, बड़ा फैसला

अब न्यूट्रल जेंडर फैशन की सबसे खास बात यह हो गई है कि यह सिर्फ बड़े शहरों और सेलिब्रिटी क्लास की ही सोच नहीं दर्शाता बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म में इस अवधारणा को मझोले और छोटे शहरों से लेकर गांवों और कस्बों तक ले गया है। आज का युवा मानता है कि फैशन किसी बड़े शहर की बपौती नहीं है। इसलिए साल 2026 की गर्मियां अभी से यह स्पष्ट संकेत दे रही हैं कि फैशन अब जेंडर की सीमाओं से मुक्त हो रहा है। न्यूट्रल जेंडर फैशन केवल एक ट्रेंड नहीं बल्कि आज की सामाजिक सच्चाई का प्रतीक है।

न्यूट्रल जेंडर की पांच मुख्य पहचान

  • ओवर साइज – ओवर साइज कपड़े इस जेंडर के फैशन की मुख्य पहचान हैं।
  • न्यूट्रल रंग- सफेद, ग्रे, बेज और हल्के रंग सबसे अधिक लोकप्रिय हो रहे हैं।
  • यूनिसेक्स डिजाइन- ऐसे कपड़े जिन्हें कोई भी पहन सकता है, यूनिसेक्स डिजाइन के तहत आते हैं।
  • प्राकृतिक कपड़े- कॉटन और लिनन जैसे कपड़ों का उपयोग अब युवा पीढ़ी के बीच तेजी से बढ़ रहा है।
  • व्यक्तित्व पर ज़ोर- जेंडर नहीं बल्कि व्यक्ति की पहचान और आत्मविश्वास आज के नये फैशन का केंद्र हैं।

-प्रतिमा अरोड़ा

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button