नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में टाइगर वुड्स गिरफ्तार, जमानत पर रिहा
जुपिटर आइलैंड (अमेरिका), दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स को नशे में गाड़ी चलाने के संदेह में गिरफ्तार किए जाने के कुछ घंटे बाद शुक्रवार देर रात जमानत पर रिहा कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वुड्स की लैंड रोवर एक ट्रक से टकराने के बाद पलट गई थी। मार्टिन काउंटी शेरिफ जॉन बुडेन्सिएक ने बताया कि वुड्स रिहायशी सड़क पर तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे और दुर्घटना के बाद उनमें नशे के लक्षण दिखाई दिए।
अधिकारियों ने कहा कि जांचकर्ताओं का मानना है कि वुड्स ने किसी तरह की दवा या नशीले पदार्थ का सेवन किया था। उन्होंने बताया कि वुड्स काफी सुस्त लग रहे थे। वह नशे का पता लगाने के लिए सांस का टेस्ट करने के लिए सहमत हो गए थे जिसमें पता चला कि उन्होंने शराब नहीं पी थी, लेकिन उन्होंने मूत्र का परीक्षण कराने से इनकार कर दिया जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
फ्लोरिडा के कानून के अनुसार जमानत मिलने से पहले उन्हें कम से कम आठ घंटे जेल में बिताने पड़े। वुड्स को इस दुर्घटना में किसी तरह की चोट नहीं आई और उन्हें जेल में अन्य लोगों से अलग रखा गया था। यह दूसरी बार है जब वुड्स को शराब के प्रभाव में न होने के बावजूद नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि 2017 में जब अधिकारियों ने उन्हें अपनी कार में सोते हुए पाया था, तब उन्होंने दर्द निवारक दवाओं का गलत मिश्रण लिया था। वुड्स की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब वह यह तय करने की कोशिश कर रहे थे कि क्या वह नौ अप्रैल से शुरू होने वाले मास्टर्स टूर्नामेंट में खेलने के लिए पूरी तरह से फिट हैं। उनका आखिरी आधिकारिक टूर्नामेंट 2024 में ब्रिटिश ओपन था। (एपी)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



