श्री वीर हनुमान विजय यात्रा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने कहा कि गुरुवार, 2 अप्रैल को श्री हनुमान जन्मोत्सव के तहत निकाली जाने वाली श्री वीर हनुमान विजय यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात की जा रही है। उन्होंने कहा कि बंदोबस्त के तहत तीन हजार पुलिसकर्मियों के अलावा अतिरिक्त सशस्त्र बल, टास्क फोर्स पुलिस को तैनात किया जा रहा है।

सज्जनार ने उस्मानिया मेडिकल कॉलेज के सभागृह में शोभायात्रा के आयोजकों व व्यवस्था से जुड़े संबंधित सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से श्रीराम नवमी शोभायात्रा को सभी सरकारी विभागों तथा आयोजकों के सहयोग से बिना किसी घटना के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाया गया, वैसे ही श्री वीर हनुमान विजय यात्रा को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए नगर पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

सज्जनार ने आयोजकों समेत संबंधित सरकारी विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगभग तीन हजार पुलिसकर्मियों के अलावा सशस्त्र पुलिस बल और टास्कफोर्स पुलिस को तैनात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य शोभायात्रा के साथ लगभग 168 छोटे-छोटे जुलूस शामिल होंगे। उन्होंने आयोजकों से शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए अपने वॉलेंटियर्स को प्रशिक्षित करने और बड़े पैमाने पर उन्हें रोप पार्टी मेम्बर बनाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने आयोजकों से अपील करते हुए कहा कि शोभायात्रा को निर्धारित मार्ग पर ही गतिमान करें और किसी अनजान व संदिग्ध व्यक्ति को देखने पर तुरन्त पुलिस को सूचना दें।

फ्लाईओवर को ध्यान में रखकर कम ऊँचाई वाली मूर्तियों की सलाह

सज्जनार ने फ्लाईओवर और रेलवे ब्रिज को ध्यान में रखते हुए कम ऊँचाई वाली मूर्तियों को शोभायात्रा में शामिल करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा को निरंतर गतिमान बनाए रखने के लिए शोभायात्रा वाले मार्ग के आस-पास यातायात व्यवस्था में फेरबदल किया जा रहा है। उन्होंने आयोजकों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता जताई। साथ ही सोशल मीडिया की अफवाहों पर विश्वास न करने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने पर जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भड़काऊ पोस्ट करने वालों को चेताते हुए कहा कि अफवाह फैलाने और भड़काने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें… 11,127 सहायक लोको पायलट (एएलपी) पदों हेतु आवेदन आमंत्रित

बैठक के पश्चात पुलिस आयुक्त ने गौलीगुड़ा राम मंदिर से ताड़बन हनुमान मंदिर तक 12 किलोमीटर लम्बे शोभायात्रा मार्ग का दौरा किया। समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) तफ्सीर इकबाल, संयुक्त यातायात पुलिस आयुक्त डी. जोयल डेविस, जीएचएमसी के जोनल आयुक्त रवि किरण, विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष नरसिंग मूर्ति, रामाराजू, बजरंग दल के प्रदेश संयोजक श्रीकांत, विश्व हिन्दू परिषद के प्रवक्ता शशिधर, साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय से पुलिस उपायुक्त वाईवीएस सुधींद्रा, मल्काजगिरी पुलिस आयुक्तालय से पुलिस उपायुक्त सी.एच. श्रीनिवास, श्रीधर व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button