अगरतला से चलती हैं देश के हर कोने के लिए रेल गाड़ियाँ
पूर्व सीमांत रेलवे, अगरतला (त्रिपुरा) के स्टेशन अधीक्षक (प्रभारी) मुन्ना कुमार यादव से बातचीत के अनुसार, अगरतला नॉर्थ ईस्ट का एक ऐसा स्टेशन है, जहाँ से देश के तमाम हिस्सों के लिए गाड़ियां चलती हैं। यहाँ से पुणे, सिकंदराबाद, कोलकाता, दिल्ली आदि स्टेशनों के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध है। अगरतला में एक इंटरनेशनल रेलवे स्टेशन है, जो अगरतला मेन रेलवे स्टेशन से पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिसका नाम निश्चिंतपुर रेलवे स्टेशन है।
भारत व बांग्लादेश के बीच अकोड़ा बॉर्डर पर बने इस स्टेशन में छ लाइनें हैं। उन्होंने बताया कि भारत-बांग्लादेश की ट्रेन जब शुरु हो जाएगी तो सात से आठ घंटे में कोलकाता पहुँच सकेंगे। उन्होंने बताया कि मीटर गेज वाली गाड़ी की शुरुआत भारत सरकार ने करवा दी थी, लेकिन पिछले वर्ष बांग्लादेश में हुई राजनीतिक उठा-पटक के कारण यह परियोजना वर्तमान में स्थगित की गई है, लेकिन बांग्लादेश चाहे, तो भारत सरकार से बातचीत करके गाड़ियों का परिचालन शुरू कर सकता है। उन्होंने बताया कि अगरतला रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में है, जो लुमडिंग डिवीजन का हिस्सा है।
2008 में रेलवे नेटवर्क से जुड़ा, 119 किमी कुमारघाट-अगरतला प्रोजेक्ट
इस स्टेशन के लिए 119 किलोमीटर लंबे कुमारघाट-अगरतला रेलवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास 1996 में पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा द्वारा किया गया था। इस रेलवे स्टेशन को वर्ष 2008 में भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। स्टेशन का भवन अपनी अनूठी वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। इसे कोलकाता के ए.बी.कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के वास्तुकार नबारुन बिस्वास द्वारा डिजाइन किया गया है। स्टेशन का भवन उज्जयंत पैलेस जैसा दिखता है।
अगरतला रेलवे स्टेशन से त्रिपुरा के सभी दर्शनीय स्थलों तक रेल सुविधा है। सबसे नज़दीकी रेलवे स्टेशन है उदयपुर, जहां मातावाड़ी मंदिर है। उसके बाद यहाँ के विशालगढ़ में उतरकर कस्बा कालीबाड़ी जा सकते हैं। भारत बांग्लादेश का बॉर्डर है सबरूम, वहाँ तक के लिए भी ट्रेन है, जो फैनी रिवर को भी जोड़ता है। यहाँ से भारत-बांग्लादेश के बीच जोड़ने के लिए अकोड़ा बॉर्डर है, जिसका नजदीकी रेलवे स्टेशन निश्चिंतपुर है।
त्रिपुरा की यात्रा सालभर कर सकते हैं
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के लिए हैदराबाद से प्रतिदिन इंडिगो एयरलाइंस की सीधी सेवा उपलब्ध है। चेर्लापल्ली से अगरतला के लिए साप्ताहिक रेल सेवा भी उपलब्ध है। प्रत्येक सोमवार को चेर्लापल्ली से ट्रेन शुरु होती है। यहाँ से अगरतला तक का रेल सफर करीब 58 से 60 घंटे का है।
अगरतला में शेरोवाली स्ट्रीट हाउस और बीकानेर एक्सप्रेस शुद्ध शाकाहारी रेस्तराँ हैं। प्राकृतिक खूबसूरती, उज्यंता पैलेस, शक्तिपीठ त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, नीरमहक, कस्बा काली मंदिर, वेनुवन, जम्पुई हिल्स, छवीपुरा, डंबूर झील, सेपाहिजला वन्य अभ्यारण्य, उनकोटी आदि त्रिपुरा के लोकप्रिय पर्यटन एवं धार्मिक स्थल हैं। यहाँ का वातावरण बिल्कुल शांत है। तीन से चार दिनों में पूरे त्रिपुरा राज्य का भ्रमण किया जा सकता है। यूँ तो त्रिपुरा साल के बारह महीनों में कभी भी आ-जा सकते हैं, लेकिन सितंबर से मार्च तक का मौसम भ्रमण के अनुकूल होता है।
-प्रशांत बादल नेगी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



