भारत-अमेरिका संबंधों को ट्रंप देते हैं महत्व : गोर
अमेरिका, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही है। उन्होंने कहा है कि दोनों देशों के बीच की साझेदारी न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों पर टिकी है, बल्कि यह आने वाले समय में ग्लोबल पावर बैलेंस को तय करेगी। राजदूत गोर ने ‘SPAN’ मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में रक्षा, व्यापार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को इस दोस्ती के सबसे मजबूत स्तंभ बताया है।
पीएम मोदी और ट्रंप की दोस्ती
अमेरिकी राजदूत ने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निजी संबंधों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच के निजी संबंध भारत और अमेरिका के बीच पहले से ही मजबूत रिश्तों को और अधिक गहराई देते हैं। गोर ने अपनी कूटनीति को ‘रिजल्ट ओरिएंटेड’ बताया। उनके अनुसार, उनकी हर मुलाकात और कॉल का मकसद अमेरिका और भारत के लिए एक ‘विन-विन’ वाली स्थिति पैदा करना है।
सर्जियो गोर ने रक्षा सहयोग को रणनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण बताया। भारत को अमेरिका का ‘मेजर डिफेंस पार्टनर’ बताते हुए उन्होंने मालाबार और टाइगर ट्रायम्फ जैसे सैन्य अभ्यासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच बढ़ता तालमेल एक मिसाल है। गोर के अनुसार, भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे की जरूरतें अमेरिकी विशेषज्ञता के साथ पूरी तरह मेल खाती हैं। यह दोनों देशों के व्यापार के लिए एक बड़ा अवसर है।
चीन पर निर्भरता कम करने का प्लान
उभरती हुई तकनीकों और सप्लाई चेन को लेकर सर्जियो गोर ने भविष्य का रोडमैप साझा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत मिलकर ऐसी सप्लाई चेन बना रहे हैं जो किसी एक देश पर निर्भर न हो। इससे भविष्य के जोखिम कम होंगे। गोर ने AI के क्षेत्र में आपसी सहयोग की वकालत की। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि इस पर बहुत ज्यादा वैश्विक रेगुलेशन नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘AI हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा है, हमें इसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करना सीखना होगा।'(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



