बद्रुका कॉलेज में दो दिवसीय बिज़ कॉम – 2026 आरंभ
हैदराबाद, बद्रुका कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड आर्ट्स का प्रतिष्ठित दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय व्यापार एवं प्रबंधन उत्सव बिज़ कॉम-2026 आरंभ हुआ। काचीगुड़ा स्थित कॉलेज प्रांगण में आयोजित बिज़ कॉम के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ स्वागत नृत्य के साथ हुआ। तत्पश्चात विशिष्ट अतिथि किशोर बजरंग और मुख्य अतिथि जी. नरेश रेड्डी का स्वागत किया गया। सचिव श्रीकिशन बद्रुका, महानिदेशक एस. अभिराम कृष्णा, प्रधानाचार्य बी. मोहन कुमार, उप प्रधानाचार्य (छात्र मामलों) पी. वेंकटैया, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक मामलों) मितेश, संयोजक संध्या और कृष्ण प्रिया ने दीप प्रज्ज्वलन किया।








कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जी. नरेश रेड्डी ने सभी को प्रेरणा देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रत्येक छात्र के जीवन का अभिन्न अंग बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि बिज़ कॉम छात्रों को रचनात्मकता प्रदर्शित करने और विकसित करने के साथ नेतृत्व और संगठनात्मक कौशल विकसित करने हेतु मूल्यवान मंच प्रदान करता है। उन्होंने छात्रों के समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इतने भव्य उत्सव का आयोजन केवल उनके निरंतर प्रयासों के कारण ही संभव हो पाता है।
विशिष्ट अतिथि किशोर बजरंग ने खिलाड़ी और सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी उपलब्धियों को उजागर किया। उन्होंने रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर कांस्य पदक जीता। यहाँ 44 देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया था। उन्होंने बद्रुका कॉलेज के छात्र होने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि विकास की यात्रा अक्सर ऐसे संस्थानों से ही शुरू होती है। उन्होंने छात्रों को उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने के साथ सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु प्रोत्साहित कर राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें… एनआईपीएचएम में जलवायु अनुकूल कृषि पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन
बद्रुका कॉलेज की 75 वर्षों की वाणिज्य शिक्षा में उत्कृष्टता का गौरव
प्रधानाचार्य बी. मोहन कुमार ने बद्रुका कॉलेज की समृद्ध विरासत के बारे में बताते हुए वाणिज्य शिक्षा में उत्कृष्टता के 75 वर्षों के लिए मिली मान्यता का गर्व जताया। उन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता और सर्वांगीण विकास में संस्थान के दीर्घकालिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बिज़ कॉम उसी प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता की भावना को दर्शाता है, जिसे कॉलेज दशकों से कायम रखे हुए है।
संध्या ने दो दिवसीय उत्सव का संक्षिप्त विवरण देते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने अंतिम विजेता के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा कर सभी टीमों को शुभकामनाएँ दीं। सचिव श्रीकिशन बद्रुका ने इस बात पर जोर दिया कि सफलता केवल निरंतर और समर्पित प्रयासों से ही प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बिज़ कॉम को महज एक आयोजन से कहीं अधिक बताते हुए इसे सफलता की सतत कड़ी कहा, जो सक्रिय भागीदारी, टीम वर्क और यादगार अनुभव बनाने से मजबूत होती है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आपका नेटवर्क ही आपकी संपत्ति है।
उद्घाटन समारोह के समापन पर संयोजक संध्या ने अतिथियों, संकाय सदस्यों, प्रतिभागियों और आयोजन टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिज़ कॉम-2026 को और भी यादगार और सफल बनाना अब हम सभी की जिम्मेदारी है। बिज़ कॉम एक ऐसा उत्सव है, जहाँ बुद्धि और रचनात्मकता का संगम होता है। यह युवा प्रतिभाओं और भावी नेताओं की गतिशील भावना को प्रतिबिंबित करने वाला मंच है। यह उत्सव विभिन्न कॉलेजों के छात्रों को प्रबंधकीय क्षमताओं, नवीन विचारों और नेतृत्व कौशल को प्रदर्शित करने के लिए एक साथ लाता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



