व्यापारी से लूटपाट करने वाले दो लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में

हैदराबाद, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मुख्यालय, कोठी स्थित एटीएम सेंटर के निकट गोली चलाकर व्यापारी के पास से 6 लाख रुपये लूटने वाले दो लुटेरों को सुल्तान बाजार पुलिस ने खैरताबाद और सिकंदराबाद जोन पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त गायकवाड़ वैभव रघुनाथ और खैरताबाद जोन पुलिस उपायुक्त के. शिल्पावल्ली ने लुटेरों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी। गिरफ्तार लुटेरों की पहचान सहारनपुर, उत्तर-प्रदेश निवासी फुरखान अहमद (36) और उसके साथी शाहीननगर, बालापुर निवासी व मूलत मुजफ्फर नगर, उत्तर-प्रदेश के रहने वाले कैब चालक मो. तय्यब त्यागी (30) के रूप में की गई। दोनों लुटेरों के पास से एक देशी पिस्तौल, 35 कारतूस, दो मैग्जीन, 2.38 लाख रुपये की नकदी, दो सेलफोन जब्त किए गए। इस मामले में उत्तर-प्रदेश निवासी पाँच आरोपी फहीम अहमद, नौशाद, आबिद, दानिश त्यागी और मो. मतलब फरार है।

शिल्पावल्ली ने बताया कि फुरखान के खिलाफ उत्तर-प्रदेश के रामपुर, शामली थाना भंवरपुर, गरीपुख्ता थाना क्षेत्र में 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मो. तय्यब के खिलाफ मुजफ्फर नगर के शाहपुर थाना परिधि में अवैध रूप से हथियार रखने और लूटपाट करने का मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि मो. तय्यब त्यागी फरवरी, 2024 के दौरान रोजगार की तलाश में हैदराबाद आया। कैब चालक के रूप में कार्य करते हुए वह सुबह के समय कई लोगों को बड़े पैमाने पर एटीएम सेंटरों में पैसा जमा करते हुए देखता था। आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे त्यागी ने एटीएम सेंटर के पास हथियार के बल पर लूटपाट करने की साजिश रची।

यह भी पढ़ें… कारवान में 6.55 किलो गांजे के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, 4 फरार

साथी आबिद, फुरखान और फहीद अहमद के साथ हैदराबाद पहुंचे

उसने साजिश को अंजाम देने के लिए कई बार रेकी की और फिर अपने साथियों से बातचीत की। उनके राजी होने पर उसने रेकी करने के बाद केरल निवासी कपड़ों के व्यापारी रिनशाद के साथ लूटपाट करने की योजना बनाई। योजना को अंजाम देते हुए उसने अपने साथी आबिद, फुरखान अहमद और फहीद अहमद को देशी पिस्तौल व कारतूस के साथ हैदराबाद बुलाया। 31 जनवरी को सुबह तय्यब त्यागी और आबिद नामपल्ली रेलवे स्टेशन गए। वहाँ आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते हुए लूटपाट के लिए वे शिकार तलाश रहे थे।

इस दौरान फुरखान अहमद और फहीम अहमद एसबीआई एटीएम सेंटर, कोठी के पास देशी पिस्तौल लेकर अपने शिकार का इंतजार कर रहे थे। रिनशाद के पैसे जमा करने के लिए एटीएम सेंटर के पास आते ही दोनों ने पिस्तौल दिखाकर उससे पैसे देने की माँग की और रिनशाद के कुछ विरोध करते ही फुरखान अहमद ने दो राउंड गोली चला दी।

एक गोली रिनशाद के पैर में जा लगी और दूसरी गोली फर्श से टकरा गई। इसके बाद वे दोनों रिनशाद के पास से 6 लाख रुपये लूटकर उसकी ही एक्टिवा लेकर वहाँ से फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी शाहीननगर, चंद्रायनगुट्टा में जमा हुए और अलग-अलग रूप से उत्तर-प्रदेश फरार हो गए। सुल्तान बाजार पुलिस ने खैरताबाद और सिकंदराबाद जोन की टास्क फोर्स पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत दो लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। दोनों को हैदराबाद लाने के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button