उप्र : मामला रद्द कराने के लिए टावर पर चढ़ा पिता खुद फंसा मुकदमे में

सहारनपुर (उप्र), सहारनपुर जिले में बेटे के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द कराने की मांग को लेकर एक व्यक्ति बिजली के टावर पर चढ़ गया, लेकिन अब खुद भी मुकदमेबाजी में फंस गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास से उसे नीचे उतारा गया।

सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि टावर पर चढ़े व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज किया गया है। सागर ने कहा कि कानून को हाथ में लेने का जो भी प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही होगी। घटना के संदर्भ में जैन ने बताया कि ग्राम ताहरपुर मे रविवार को गांव के एक युवक शेखर (26) पर छेड़छाड़ का आरोप लगा और शेखर व उसके परिवार के लोगों ने मिलकर युवती के परिजनों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने शेखर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा किया।

आरोपी के पिता ने आत्महत्या की धमकी देकर मचाई अफरा-तफरी

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कहा, ‘‘रविवार शाम दोनों पक्षों के लोग मामले को निपटाने के लिये इकट्ठा हुए तभी आरोपी शेखर का पिता महेन्द्र (53) अपने पुत्र के खिलाफ दर्ज मुकदमे को रद्द कराने की मांग को लेकर गांव में ही बिजली के एक टावर पर चढ गया।’’ उन्होंने कहा कि उसने आत्महत्या करने की धमकी देनी शुरू कर दी।

जैन ने बताया कि उसके टावर पर चढते ही वहां ग्रामीणों का जमघट लग गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस भी वहां पहुंची और महेन्द्र को काफी समझाया लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

यह भी पढ़े : वायनाड : घर में आग लगने से व्यक्ति की मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी तरह पुलिस ने उसे आश्वासन देते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया। सागर जैन ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज है, जबकि टावर पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास करने वाले महेन्द्र के खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button