अगला नंबर अर्बन नक्सलियों का : रामचंदर राव
हैदराबाद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने अर्बन नक्सलियों को संभलकर रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि नक्सलियों के बाद अगला नंबर विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के दिलों दिमाग में देशद्रोह का जहर भर रहे अर्बन नक्सलियों का है।
पार्टी मुख्यालय श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन में भारास व युवा कांग्रेस से संबंधित नेता व कार्यकर्ता आज रामचंदर राव के समक्ष भाजपा में शामिल हुए। अवसर पर रामचंदर राव ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है। यह बात अर्बन नक्सली गांठ बांध ले और विश्वविद्यालयों में देशद्रोहियों को तैयार न करें। राव ने कहा कि चरमपंथी विचारधारा के कुछ प्रोफेसर विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को देशद्रोही के रूप में तैयार करने में जुटे हैं, उनके यह प्रयास असफल होंगे।
ऑपरेशन कगार से नक्सलवाद पर सख्ती का दावा
रामचंदर राव ने केंद्र सरकार के चलाए जा रहे ऑपरेशन कगार का उल्लेख करते हुए कहा कि कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है, शेष नक्सली भी आत्मसमर्पण कर मुख्य धारा में जितनी जल्दी लौट आएँ उतना बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि पिछले 4 दशकों से आम जनता तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या करने वाले लेफ्ट एक्सट्रीमिस्ट (वाम चरमपंथी) अब अंत के कगार पर है। उन्होंने कहा कि शेष नक्सली और माओवादी, जो सीपीआई व सीपीएम के रूप में बच गए हैं, उन्हें केसीआर और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी बचाने में जुटे हैं।
रामचंदर राव ने कहा कि माओवादियों का लाल झंडा विश्व में कहीं पर भी नहीं बचा है। देश की प्रगति के लिए लेफ्ट एक्सट्रीमिस्ट मुक्त भारत, माओवादी मुक्त भारत बनाना जरूरी है। उन्होंने आतंकवाद के अंत हेतु केंद्र सरकार की प्रहार नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि जो कोई आतंकवादी या उग्रवादी गतिविधियों में भाग लेगा, उसे गंभीर सजा तय है। रामचंदर राव ने कांग्रेस सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि एआई ग्लोबल समिट में जिस प्रकार युवा कांग्रेस ने शर्टलेस प्रदर्शन किया, उसकी इंडी गठबंधन के सहयोगी दल खुद कड़ी निंदा कर रहे हैं।
राहुल गांधी से देश से माफी की मांग
रामचंदर राव ने कहा कि राहुल गांधी के इस घिनौने कृत्य से देश का सर शर्म से झुक गया है, जिसके लिए राहुल गांधी को देश से माफी माँगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शरजील के चिकन नेक कट करके नॉर्थ ईस्ट को भारत से अलग करने के बयान का कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने समर्थन किया था। देश के विरोध में उठने वाले हर स्वर का राहुल गांधी समर्थन करते आ रहे हैं, यह शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के लिए एआई का मतलब अब्यूज इंडिया, एंटी इंडिया, अगेंस्ट इंडिया बन चुका है।
यह भी पढे़: रेवंत रेड्डी राहू और केसीआर केतू – एन. रामचंदर राव
देश, धर्म, संस्कृति, एकता के लिए युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की ओर आकर्षित हो रहा है। वह मान रहा है कि देश की प्रगति भाजपा से ही संभव है । कार्यक्रम के दौरान आरे कटिका संघम के अध्यक्ष मल्लेश अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए। अवसर पर रंगारेड्डी जिला अध्यक्ष श्रीनिवास, कुकटपल्ली निर्वाचन क्षेत्र प्रभारी माधावरम कांता राव, वरिष्ठ नेता पोरेड्डी किशोर रेड्डी, ताडुरी श्रीनिवास, भाग्यनगर जिला अध्यक्ष निरंजन यादव, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष गणेश कुंडे, एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि नायक व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



