जल महल के आसमान में गूंजा शौर्य, जयपुर में वायुसेना के जाबांजों ने बांधा समां
जयपुर, भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और ‘सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ ने शुक्रवार को जयपुर के विख्यात जल महल के ऊपर अपने करतबों से लोगों को रोमांचित किया। शहर और आसपास के गांव-कस्बों के हजारों लोगों ने जलमहल की पाल के साथ-साथ आसपास की इमारतों व अन्य जगहों से इस ‘एयर शो’ को देखा।
दोपहर बाद आयोजित इस ‘एयर शो’ की शुरुआत में सारंग हेलिकॉप्टर टीम के पांच ‘एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर’ ध्रुव ने आसमान में करतब दिखाए।पायलटों ने बेहतर तालमेल व कलाबाजियों से लोगों की तालियां बटोरीं। इसके बाद ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ ने नौ हॉक एमके-132 विमानों के साथ अनेक तरह के करतब दिखाए।पायलटों ने विमान के बीच पांच मीटर की दूरी बनाए रखते हुए बहुत सटीक करतब दिखाए। टीम ने हवाई कौशल, अनुशासन, तालमेल और टीमवर्क का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिसे देख लोगों ने दांतो तले उंगली दबा ली।एयर शो’ को देखने के लिए बड़ी संख्या में नौजवान, विद्यार्थी, एनसीसी के कैडेट भी मौजूद थे। इस शो में हिस्सा लेने वाले तीन पायलट विंग कमांडर राजेश काजला, विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ और स्क्वाड्रन लीडर संजेश सिंह जयपुर से हैं।
वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मकसद युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है। ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ में नौ हॉक एमके-132 विमान शामिल हैं। टीम ने देश विदेश में 800 से अधिक प्रदर्शन किए हैं और चीन, श्रीलंका, म्यामां, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता का प्रतिनिधित्व किया है।इस अवसर पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी मौजूद थे। इस आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व यातायात के प्रबंधन के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी व जवान लगाए गए थे। दोनों टीमें रविवार को भी यहां प्रदर्शन करेंगी।
शहर के आसमान पर गरजना करते फाइटर जेट्स और गड़गड़ाते हेलीकॉप्टर्स ने हजारों लोगों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।

जयपुर के आसामन पर सारंग टीम के हेलिकॉप्टरों ने दिखाया अद्भुत तालमेल
कार्यक्रम की शुरुआत सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम के प्रदर्शन से हुई। पांच रंग-बिरंगे हेलिकॉप्टरों ने आसमान में सटीक दूरी और बेहतरीन समन्वय के साथ जटिल संरचनाएं बनाईं। हेलिकॉप्टरों की नियंत्रित उड़ान, संतुलन और तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह प्रदर्शन भारतीय वायु सेना के अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रभावी उदाहरण साबित हुआ।

सूर्य किरण टीम के जेट विमानों ने बढ़ाया रोमांच
इसके बाद लाल और सफेद रंग के आकर्षक Hawk Mk-132 जेट विमानों ने उड़ान भरी तो पूरा वातावरण तालियों की गूंज से भर गया। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ने लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान, फॉर्मेशन फ्लाइंग और लोकप्रिय ‘डीएनए’ संरचना जैसे जटिल करतब दिखाए। आसमान में तिरंगे रंगों की छटा ने उपस्थित लोगों में गर्व और देशभक्ति का भाव जगाया।

जयपुर के पायलटों पर शहर को गर्व
सूर्य किरण टीम के तीन पायलट राजेश काजला, अंकित वशिष्ठ और संजेश सिंह जयपुर के रहने वाले हैं। अपने ही शहर में प्रदर्शन करना उनके लिए विशेष गौरव का क्षण रहा। दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। बता दें कि यह आयोजन खास तौर पर युवाओं और एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। कई विद्यार्थियों ने इसे जीवन का यादगार अनुभव बताया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और सैन्य सेवा के प्रति उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया।

अब 22 फरवरी को होगा मुख्य शो
अधिकारियों के अनुसार 22 फरवरी को जल महल पर एरोबैटिक डिस्प्ले का मुख्य और विस्तृत आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। उस दिन और भी भव्य हवाई करतब देखने को मिलेंगे, जिसे लेकर शहरवासियों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है।
यह भी पढ़े– आतंकवाद के खिलाफ मिसाल बनेगा ‘ऑपरेशन सिंदूर’-राष्ट्रपति
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



