विहिप ने श्रीराम नवमी पर व्यवस्था को लेकर जोनल आयुक्त को ज्ञापन सौंपा
हैदराबाद, विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के प्रतिनिधिमंडल ने आगामी श्रीराम नवमी, हनुमान जयंती और उगादी पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर जीएचएमसी, एलबी नगर के क्षेत्रीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शशिधर राविनुतला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जीएचएमसी के क्षेत्रीय आयुक्त से भेंट की और आगामी श्रीराम नवमी, हनुमान जयंती, उगादी पर्वों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के प्रबंध करने को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। इसके बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए डॉ. शशिधर ने बताया कि 2 अप्रैल को वीर हनुमान विजय यात्रा (बाइक रैली) के मार्ग पर मुख्य सड़कों की मरम्मत और मंदिरों व प्रमुख चौराहों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
यह भी पढ़ें… वीर हनुमान शोभायात्रा मार्ग को लेकर विहिप की चेतावनी
शशिधर ने बताया कि अधिकारियों को प्रतिवर्ष हनुमान जयंती पर करमन घाट हनुमान मंदिर से निकलने वाली बाइक रैली के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई और यात्रा मार्ग पर गड्ढों की मरम्मत, सड़कों की सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन आदि विषयों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने श्रीराम नवमी और उगादी के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों और मुख्य चौराहों पर साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की भी अपील की। साथ ही कहा कि जोनल कमिश्नर ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और यात्रा मार्ग की सड़कों की मरम्मत सहित मंदिरों और प्रमुख चौराहों पर आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ समय पर करने का आश्वासन दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



