छुआछूत प्रथा को बर्दाश्त नहीं करेगी विहिप : बालास्वामी
नागरकर्नूल, विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने नागरकर्नूल जिले के कुमेरा गांव स्थित मालन्ना जातरा के दौरान जातिगत भेदभाव की घटना में मासूम शिशु की मृत्यु को लेकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक पाटिल संग्राम सिंह गणपत राव को ज्ञापन सौंपा।
विहिप के प्रदेश धर्माचार्य संपर्क प्रमुख पागुडाकुला बालास्वामी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की गई। इसके बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए बालास्वामी ने कहा कि अछूत प्रथा को किसी भी परिस्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस घटना को मानवता के माथे पर कलंक करार देते हुए कहा कि जाति के नाम पर अपमानित करना, सामाजिक बहिष्कार करना और मंदिर जैसे पवित्र स्थलों को राजनीतिक प्रभाव से अपवित्र करना गंभीर अपराध है। उन्होंने दो माह की मासूम बच्ची की मौत पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है।
यह भी पढ़ें… खुद को पार्टी से ऊपर न समझें : बंडी संजय
बालास्वामी ने कहा कि भगवान का नाम लेने वाले स्थानों पर यदि जातीय द्वेष और अमानवीय व्यवहार होगा, तो यह धर्म के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है। अछूत प्रथा न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि धर्म द्रोह भी है। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच पदासीन न्यायाधीश से करवाने, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण या प्रभाव से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। बालास्वामी ने कहा कि किसी भी मंदिर में ऊँच-नीच, अमीर-गरीब या किसी भी जातिगत आधार पर भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। सभी हिंदुओं को समान रूप से दर्शन और पूजा का अधिकार मिलना चाहिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



