सतर्कता एवं प्रवर्तन विभाग की रेत तस्करी पर कड़ी नजर
हैदराबाद, सतर्कता एवं प्रवर्तन विभाग ने मार्च माह में अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाते हुए 1,633 मीट्रिक टन अवैध रेत जब्त की। विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि इस दौरान अवैध रेत खनन और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 वाहनों को जब्त कर पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मंजीरा नदी और विभिन्न स्थानीय नालों में अवैध खनन की सूचना पर छापेमारी की गई। इस दौरान एक जेसीबी, टिप्पर, ट्रैक्टर, एक्सकेवेटर और मोटरसाइकिल सहित कुल 13 वाहन जब्त किए गए। साथ ही 1,633 मीट्रिक टन अवैध रेत बरामद की गई।
6 माह में 8 जिलों तक अभियान का विस्तार
विभाग ने पिछले छह माह में अपनी कार्रवाई को 8 जिलों मेदक, जनगाम, हनमकोंडा, करीमनगर, निजामाबाद, नारायणपेट, महबूबनगर और खम्मम के 14 मंडलों तक विस्तारित किया। इस दौरान 18 रणनीतिक स्थानों पर छापेमारी में 2,131 मीट्रिक टन रेत, 10 एक्सकेवेटर, 6 लॉरी/टिपर और 39 ट्रैक्टर जब्त किए गए। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), खनिज अधिनियम (एमएमडीआर), सरकारी संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम (पीडीपीपी) और मोटर वाहन अधिनियम के तहत 18 एफआईआर दर्ज कर 70 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
850 वाहनों की जांच, 242 जब्त
विजिलेंस टीम ने परिवहन, जीएसटी, खनन, वन, नागरिक आपूर्ति और पुलिस विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए प्रमुख सड़कों, आउटर रिंग रोड (ओआरआर) और टोल प्लाजा पर रात भर निगरानी रखी। मार्च माह में 850 से अधिक वाहनों की जाँच की गई, जिनमें 242 वाहनों को विभिन्न उल्लंघनों के चलते जब्त किया गया। इसमें ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी, बिना परमिट परिवहन, ई-वे बिल की कमी, रेत, ग्रेनाइट, कंकड़ और अन्य खनिजों की अवैध ढुलाई शामिल है।
यह भी पढ़ें… खाने में मिलावट सिर्फ जुर्म नहीं समाज पर हमला : सज्जनार
एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी का खुलासा
विभाग ने एलपीजी की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच छापेमारी कर सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और भंडारण का खुलासा किया। जाँच में पाया गया कि घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरकर करीब 1500 रुपये प्रति सिलेंडर बेचा जा रहा था। छापेमारी में 23 भरे और 13 खाली घरेलू सिलेंडर (14.2 किग्रा), 7 भरे और 2 खाली कमर्शियल सिलेंडर (19 किग्रा), 11 भरे और 26 खाली छोटे सिलेंडर (5 किग्रा), अन्य उपकरण 33 छोटे सिलेंडर, वजन मशीनें, रिफिलिंग पाइप और सीलिंग मशीन जब्त की गई।
पीडीएस चावल की हेराफेरी पर कार्रवाई
नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई में 101.81 क्विंटल पीडीएस चावल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4.57 लाख रुपये बताई गई। इसी तरह, छात्रों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए विभाग ने राज्य के विभिन्न वेल्फेयर हॉस्टलों में निरीक्षण किया।
मार्च में करीमनगर जिले में जाँच कर सुविधाओं और सेवाओं पर रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेजी गई। बताया गया कि इस दौरान राजस्व नुकसान का आकलन 0.82 करोड़ रुपये किया गया, जबकि कार्रवाई के जरिए 13.98 करोड़ रुपये की वसूली की गई। विभाग ने अवैध खनन, टैक्स चोरी और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए नागरिकों से टोल फ्री नंबर 14432 पर जानकारी देने की अपील की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



