वेल्लोर में विजय की हुंकार: बोले-हमारा वोट सीटी के लिए
तमिलनाडु, तमिलनाडु की राजनीति में 2026 विधानसभा चुनाव से पहले माहौल गर्म होता जा रहा है। इसी बीच तमिलगा वेत्री कषगम के प्रमुख विजय ने वेल्लोर की रैली में बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि उनका वोट उनकी पार्टी के चुनाव चिन्ह सीटी के लिए है और कोई भी उन्हें खरीद नहीं सकता। विजय ने दावा किया कि यह चुनाव ऐतिहासिक होगा और जनता बदलाव चाहती है।
रैली में विजय ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में नकली मॉडल की सरकार चल रही है और इसे स्टैंड-अप कॉमेडी सरकार तक बताया। विजय ने कहा कि यह लड़ाई तमिलनाडु बनाम दिल्ली या एनडीए की नहीं है, बल्कि जनता और भ्रष्टाचार के बीच सीधी जंग है। उन्होंने कहा कि 2026 का चुनाव विजय बनाम स्टालिन की सीधी टक्कर होगा।
जनता से सीधे जुड़ने का वादा
विजय ने मंच से भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी अपने वादों से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि टीवीके सरकार बनने पर वह खुद हर गांव और हर जिले में जाकर लोगों से मिलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने झूठे वादे किए हैं और जनता को गुमराह किया है। विजय ने कहा कि उनका उद्देश्य सीधे लोगों से संवाद करना है और सत्ता में आने के बाद वह इसे निभाएंगे।
तमिलनाडु है ‘विजय’ बयान पर चर्चा
अपने भाषण में विजय ने कहा कि तमिलनाडु ही विजय है और विजय ही तमिलनाडु है। उन्होंने इसे जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की राजनीति अब दो ध्रुवों में बंट चुकी है और मुकाबला सीधे टीवीके और डीएमके के बीच है। विजय ने लोगों से अपील की कि वे अपने वोट का अधिकार सुरक्षित रखें और किसी भी दबाव में न आएं।
चुनावी समीकरण और सियासी पृष्ठभूमि
तमिलनाडु में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्य मुकाबला डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन और एआईएडीएमके-एनडीए गठबंधन के बीच माना जा रहा है। भाजपा एनडीए का प्रमुख दल है। कांग्रेस और अन्य सहयोगी दल डीएमके के साथ हैं। विजय ने अभिनय से संन्यास लेकर राजनीति में कदम रखा है और यह उनका पहला बड़ा चुनावी अभियान है। वेल्लोर रैली को उनकी ताकत के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
कार्यकर्ताओं को दिलाई शपथ
चेन्नई-बेंगलुरु हाईवे स्थित अगारमचेरी गांव के पास पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे विजय ने उन्हें पार्टी के चुनाव चिह्न ‘व्हिसल’ के समर्थन की शपथ दिलाई। उन्होंने दोहराया कि TVK का रुख धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के पक्ष में है। विजय ने विश्वास जताया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद वे राज्य के हर गांव का दौरा करेंगे और जनता से सीधे मिलेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



