हम सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करेंगे : सिसोदिया ने अदालत ने नोटिस पर कहा
जम्मू, शराब नीति मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किए जाने के एक दिन बाद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए मंगलवार को कहा कि वह और इस मामले में अधीनस्थ अदालत की ओर से आरोपमुक्त किए गए अन्य लोग सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करेंगे।
सिसोदिया हिरासत में लिए गए आम आदमी विधायक मेहराज मलिक के परिवार से मिलने जम्मू स्थित उनके आधिकारिक आवास गए थे और उच्च न्यायालय के नवीनतम नोटिस पर पूछे गए एक प्रश्न का जवाब दे रहे थे। उन्होंने जम्मू में पत्रकारों से कहा कि अदालत की प्रक्रिया चाहे जो भी हो, हम अदालत का सम्मान करते हैं और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करेंगे। उच्च न्यायालय ने सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दायर याचिका पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य लोगों से जवाब मांगा था।
यह भी पढ़े: एआई से बनी याचिकाओं पर अदालत ने चिंता जताई
इस याचिका में अधीनस्थ अदालत की ओर से उन्हें आरोपमुक्त किए जाने के फैसले को चुनौती दी गई है। अधीनस्थ अदालत ने 27 फरवरी को केजरीवाल, सिसोदिया और अन्य को बरी कर दिया था और सीबीआई की खिचाई करते हुए कहा था कि उसका मामला न्यायिक जांच में पूरी तरह से विफल रहा और पूरी तरह निराधार था। दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा ने सीबीआई की याचिका पर सभी आरोपियों को नोटिस जारी किया और सुनवाई के लिए 16 मार्च की तारीख तय की। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



