अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या
हैदराबाद, शादनगर पुलिस थानांतर्गत विवाहेत्तर संबंधों के शक में पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शादनगर के देवुनीपल्ली में रहने वाली पी. शोभा रानी का करीब दस वर्ष पहले महबूबनगर जिले के कोयलाकोंडा निवासी रंजीत से विवाह हुआ था। दंपत्ति के दो बच्चे हैं। बताया गया कि पिछले कुछ वर्षों से शोभा रानी का अपने ही गांव के रहने वाले एक व्यक्ति नरसिम्हुलू के साथ संपर्क बढ़ गया था, जो बाद में कथित तौर पर अवैध संबंधों में बदल गया। इस बात की जानकारी मिलने के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे। लगातार विवाद के चलते कुछ महीने पहले शोभा अपने दोनों बच्चों के साथ मायके चली गई थी।
गत शनिवार की रात आरोपी रंजीत ने फोन कर शोभा को किसी जरूरी मुद्दे पर बातचीत करने के लिए शादनगर बुलाया। इसके बाद वह शोभा को सुनसान स्थान पर ले गया, जहाँ उसने पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान उनका छोटा बेटा मौके पर मौजूद था। उसने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया और मासूम बच्चे को भी घटनास्थल पर अकेला छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें… पूर्व डीजीपी की पुत्री को साइबर ठगों ने लगाया 1.2 करोड़ का चूना
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने महिला का शव तथा पास में बच्चे को रोते हुए देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। रंजीत को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



