वन्यजीव फोटोग्राफर – डॉ. लतिका बनी टाइगर प्रिंसेस
भारत में समय-समय पर वन्यजीव संरक्षण को लेकर बड़े पैमाने पर कई कदम उठाए जा रहे हैं जिस कारण इस क्षेत्र में कई शख्सियतें सामने आ रही हैं। उसी कड़ी में एक नाम लिया जा सकता है- डॉ. लतिका नाथ। दिल्ली आधारित संरक्षण विशेषज्ञ और वन्यजीव फोटोग्राफर डॉ. लतिका नाथ को टाइगर प्रिंसेस के नाम से जाना जाता है। वे भारत की पहली महिला हैं, जिन्होंने टाइगर कंजर्वेशन (बाघ संरक्षण) में पीएचडी हासिल की है।
डॉ. लतिका नाथ केवल एक वैज्ञानिक नहीं, बल्कि प्रकृति की सच्ची संरक्षक हैं। उन्होंने यह साबित किया कि जुनून, समर्पण और साहस के साथ कोई भी व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण में बड़ा बदलाव ला सकता है। उनकी कहानी हमें यह सिखाती है कि जंगल और वन्यजीव केवल देखने की चीज़ नहीं हैं, बल्कि हमारी साझा विरासत हैं। डॉ. लतिका नाथ ने बाघों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास पर गहन शोध किया। उनका काम केवल अकादमिक शोध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने जंगलों में रहकर बाघों के व्यवहार, उनके संघर्ष और मानव-वन्यजीव संबंधों को गहराई से समझा है।

जंगलों से ध्रुवीय क्षेत्रों तक प्रकृति को समझने की यात्राएं
उनकी बाघों के प्रति गहरी लगन और समर्पण पर एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी बनी है, जिसे नेशनल ज्योग्राफिक ने प्रस्तुत किया। इस डॉक्यूमेंट्री में उन्होंने बाघों की शानदार भव्यता और उनकी जंगली आज़ादी के प्रति अपने प्रेम को साझा किया है। वे कहती हैं- कुछ इतना खूबसूरत, इतना अनछुआ और जंगली रूप में प्रकृति में मौजूद है, जो मुझे बाघों से प्यार करने पर मजबूर करता है। डॉ. लतिका नाथ केवल बाघों तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने जंगलों, महासागरों और ध्रुवीय क्षेत्रों की यात्राएं कीं, ताकि यह समझ सपें कि पफथ्वी पर जीवन एक-दूसरे से कैसे जुड़ा हुआ है।

उनके अनुसार, हर प्रजाति, हर आवास और हर इंसान एक अदृश्य धागे से बंधा है। यही सोच उनकी संरक्षण की फिलोसफी को खास बनाती है। डॉ. लतिका नाथ खुद को स्टोरीटेलर ऑफ द वाइल्ड कहती हैं। वे अपनी फोटोग्राफी और लेखन के जरिए लोगों को यह समझाने की कोशिश करती हैं कि प्रकृति की रक्षा क्यों जरूरी है। उनकी तस्वीरें केवल जानवरों की सुंदरता नहीं दिखातीं, बल्कि उनके अस्तित्व के संघर्ष को भी हमारे सामने लाती हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



