मारपीट में घायल युवक की मौत, हत्या का मामला दर्ज

हैदराबाद, मैलारदेपल्ली पुलिस थानांतर्गत पांच दिन पहले हमले में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय युवक की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मैलारदेवपल्ली पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर बी. सत्यनारायण ने बताया कि शास्त्रापुरम में रहने वाले सैयद मुज़म्मिल हाशमी (25) व दो अन्यों पर मोहम्मद गौस तथा उसके सहयोगियों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल सैयद की रविवार सुबह मौत हो गई।

सत्यनारायण ने बताया कि गत 17 फरवरी को मोहम्मद गौस ने ई-मेल अकाउंट के उपयोग से जुड़े एक विवाद पर बातचीत के लिए मोहम्मद आरिफ को अपने घर बुलाया था। आरिफ अपने मित्र फरदीन तथा आसिम के साथ वहाँ पहुँचा। बातचीत के दौरान गौस और उसके बेटे ने कथित तौर पर दोनों के साथ मारपीट की, जिसके बाद वे वहाँ से भाग गए। घटना के बाद फरदीन ने अपने भाई मुज़म्मिल को कुछ लोगों द्वारा मारपीट करने की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद : प्रेम प्रसंग में विफल युवक ने कर ली खुदकुशी

मुज़म्मिल अपने दोस्तों के साथ गौस के घर पहुँचा

यह सुनकर मुज़म्मिल अपने कुछ दोस्तों के साथ गौस के घर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद लोगों व कुछ स्थानीय नेताओं ने मुज़म्मिल और उसके साथियों पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। हमले में मुज़म्मिल को गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने उनकी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। घटना में घायल मुज़म्मिल, फरदीन और अब्दुल रियान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मुज़म्मिल पिछले कई दिनों से जीवन के लिए संघर्ष कर रहा था। रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सत्यनारायण ने बताया कि पहले इस मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन मुज़म्मिल की मृत्यु के बाद धाराओं को संशोधित कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और घटना के पीछे की पूरी साजिश की जाँच की जा रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button