जल्द लॉन्च होगा नया ‘वाहन’ पोर्टल
हैदराबाद, शोरूमों में ही वाहन पंजीकरण की सुविधा देने के बाद यातायात सेवाओं को डिजिटाइज़ करने की पहल की जा रही है। बताया जाता है कि ट्रांसपोर्ट विभाग जल्द ही ‘वाहन’ पोर्टल शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। अगर यह योजना सफल रही, तो वाहन से जुड़ी सेवाएँ एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आ जाएंगी। बताया जाता है कि इस योजना को सबसे पहले सिकंदराबाद में रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आरटीए) में पायलट आधार पर शुरू किए जाने की उम्मीद है। यहाँ की सफलता देखने के बाद इसे हैदराबाद के सभी आरटीए में बढ़ाया जाएगा।
फिलहाल ड्राइविंग लाइसेंस सेवा सारथी पोर्टल के ज़रिए दी जा रही है। इसी तरह ‘वाहन’ पोर्टल वाहन से जुड़ी 52 सेवाएँ देगा, जिससे काम ज़्यादा पारदर्शी और आसान हो जाएंगे। आधिकारिक अनुमानों के मुताबिक ग्रेटर हैदराबाद क्षेत्र में लगभग 89 लाख गाड़ियाँ पंजीकृत हैं। इनके सभी रिकॉर्ड नए सिस्टम में ट्रांसफर या अपडेट किए जाएंगे। एक बार लागू होने के बाद ख़रीदे गए हर नया वाहन ग्राहक को देने से पहले ‘वाहन’ पोर्टल पर पंजीकृत होगी। इससे वाहन मालिकों को आरटीए कार्यालय जाने की ज़रूरत काफी कम होगी।
नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट की ज़रूरत खत्म हो जाएगी
शुरुआती चरण में शोरूम आधारित पंजीकरण शामिल होंगे। इसके बाद धीरे-धीरे बाकी सभी सेवाओं को ‘वाहन’ में शामिल किया जाएगा। इससे अंतरराज्यीय और अंतर जिला स्थानांतरण भी आसान होने की उम्मीद है, क्योंकि इस योजना से अलग-अलग नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट की ज़रूरत खत्म हो जाएगी। आवेदन जमा करने के बाद ओनरशिप ट्रांसफर ऑनलाइन प्रोसेस किया जाएगा।
पोर्टल से दुर्घटना या चोरी के मामलों में शामिल गाड़ियों को ट्रैक करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। ड्राइविंग लाइसेंस का रिन्यूअल, डुप्लीकेट लाइसेंस जारी करना, पता बदलना, गाड़ी ट्रांसफर, परमिट और फीस का पेमेंट जैसी सेवाएँ ऑनलाइन मिलेंगी। हालांकि आवेदक को लर्निंग लाइसेंस टेस्ट, ड्राइविंग टेस्ट और गाड़ी फिटनेस इंस्पेक्शन के लिए खुद आना होगा।
यह भी पढ़ें– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर जापान पहुंचे
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



