पालम आग त्रासदी : एनएचआरसी का दिल्ली सरकार-पुलिस को नोटिस

नयी दिल्ली, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मंगलवार को कहा कि उसने इस माह के आरंभ में पालम में भयंकर आग की घटना में हुई एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत को लेकर दिल्ली सरकार और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किया है और उनसे दो सप्ताह के भीतर इस पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
खबरों के मुताबिक, दमकल कर्मियों की हाइड्रोलिक क्रेन में कथित तौर पर कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण बचाव अभियान में देरी हुई। आयोग ने एक बयान में कहा कि स्थानीय लोगों के अनुसार, अगर उपकरण समय पर काम करते, तो और लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में 18 मार्च की सुबह चार मंजिला एक आवासीय इमारत में भीषण आग लग गयी थी।एनएचआरसी ने कहा है कि उसने इस खबर का स्वतः संज्ञान लिया है कि आग में एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।आयोग ने कहा है कि यदि समाचार की सामग्री सही है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मुद्दा उठाती है।
आग मामले में दो हफ्ते में रिपोर्ट मांगी
आयोग ने कहा कि इसलिए उसने दिल्ली के मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।एक बयान में आयोग ने कहा है कि रिपोर्ट में पीड़ितों और घायलों को मुआवजे के वितरण की स्थिति का विवरण शामिल होना चाहिए। उन्नीस मार्च को प्रकाशित एक खबर के अनुसार, आग सुबह लगभग सवा छह बजे कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
यह भी पढ़े: पालम अग्निकांड : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अनुग्रह राशि की घोषणा की
यह भूतल पर स्थित एक दुकान से शुरू हुई और तेजी से ऊपर की आवासीय मंजिलों तक फैल गई। खबरों के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने घर की खिड़कियां और दीवारें तोड़कर फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि खुद भागने या दूसरों को बचाने की कोशिश में कुछ लोग घायल हो गए। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



