इंडिया मोबाइल कांग्रेस का 10वां संस्करण 7 से 10 अक्तूबर तक

नयी दिल्ली, केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दूरसंचार उद्योग के कार्यक्रम इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का आयोजन इस वर्ष सात से 10 अक्तूबर तक किया जाएगा। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।

इन तिथियों की घोषणा स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित वैश्विक दूरसंचार कार्यक्रम मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में की गई। यहां जारी एक बयान के अनुसार, सिंधिया ने तिथि की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘भारत दूरसंचार परिवर्तन के एक दशक को पूरा कर रहा है। इसी के साथ इंडिया मोबाइल कांग्रेस भी अपने 10वें संस्करण में प्रवेश कर रहा है, जो वैश्विक पेशकश, स्टार्टअप की खोज, साझेदारी और उद्योग-सरकार गठजोड़ को सक्षम बनाएगा।’’

इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) के आयोजकों द्वारा जारी बयान के अनुसार, सिंधिया ने कहा कि आईएमसी की यात्रा ‘कनेक्टिविटी’ से ‘इंटेलिजेंस’ और पहुंच से प्रभाव तक भारत की अपनी डिजिटल यात्रा को दर्शाती है। इस संस्करण में एआई-आधारित नेटवर्क, स्मार्ट उद्योग, स्टार्टअप नवाचार और वैश्विक साझेदारियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

मंत्री ने कहा, ‘‘भारत उन चुनिंदा देशों में से एक है जिसने अपना स्वदेशी, क्लाउड-आधारित मुकम्मल 4जी प्रौद्योगिकी ढांचा विकसित किया है, जिसे 5जी में उन्नत किया जा सकता है। यह हमें न केवल उन्नत नेटवर्क के उपयोगकर्ता के रूप में, बल्कि उनके निर्माता के रूप में भी स्थापित करता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह दूरसंचार उत्पादों, मंचों और समाधानों के लिए एक विश्वसनीय वैश्विक स्रोत के रूप में उभर रहा है।’’

दूरसंचार विभाग और उद्योग निकाय सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) द्वारा आयोजित, आईएमसी 2026 में 100 से अधिक देशों के नीति निर्माता, उद्योगपति, वैश्विक उद्यम, स्टार्टअप और निवेशक एक मंच पर आएंगे। भाषा

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button