शरणार्थियों को ले जा रही नौका और तटरक्षक पोत की टक्कर, 14 लोगों की मौत

एथेंस: यूनान के चिओस द्वीप के पास शरणार्थियों को ले जा रही एक नौका और यूनान तटरक्षक बल के एक गश्ती पोत के बीच हुई टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। तटरक्षक बल ने मंगलवार देर रात यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, लापता लोगों की तलाश के लिए व्यापक खोज एवं बचाव अभियान जारी है, जिसमें गश्ती नौकाएं, एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।

तटरक्षक बल ने बताया कि हादसे के बाद लगभग 11 बच्चों सहित 25 अन्य शरणार्थियों को सुरक्षित बचाकर चिओस द्वीप के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में घायल हुए यूनान तटरक्षक बल के दो अधिकारियों को भी अस्पताल ले जाया गया है। तटरक्षक बल के अनुसार, अब तक 14 शव बरामद किए गए हैं जिनमें 11 शव पुरुषों और तीन महिलाओं के हैं।

वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों की मदद ली जा रही

तटरक्षक बल ने यह भी बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शरणार्थियों को ले जा रही नौका पर कुल कितने लोग सवार थे। लापता यात्रियों की तलाश में चार गश्ती जहाजों, वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर और गोताखोरों की मदद ली जा रही है।तटरक्षक बल ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टक्कर वास्तव में कैसे हुई, न ही मृतकों की पहचान या नौका पर सवार अन्य यात्रियों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सकी है।

यूनान के सरकारी अस्पताल कर्मचारियों के संघ के प्रमुख मिखालिस जियानाकोस ने कहा कि चिओस के अस्पताल में अचानक बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने के मद्देनजर सभी कर्मचारी अलर्ट पर हैं। पश्चिम एशिया, अफ्रीका और एशिया में संघर्ष और गरीबी से बचकर लोग यूनान के रास्ते यूरोपीय संघ के देशों में जाने की कोशिश करते हैं और अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।(भाषा)

यह भी पढ़ेप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर जापान पहुंचे

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button