14 तालाबों के विकास की तैयारी में हैद्रा
एफटीएल सीमाओं में नहीं होगा किसी भी प्रकार का परिवर्तन : ए.वी. रंगनाथ
हैदराबाद, हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने अधिकारियों को नगर में तालाबों के विकास कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने तालाबों से गंदगी और जलकुंभी हटाने के लिए तुरंत कदम उठाने और एफटीएल परिधि में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिये हैं। रंगनाथ ने कहा कि हैद्रा दूसरे चरण में 14 तालाबों के विकास एवं सौंदर्याकरण की तैयारी कर रहा है।
ए.वी. रंगनाथ ने बुधवार को रामचंद्रापुरम स्थित गंगारम तालाब तथा इर्ला चेरुवु का निरीक्षण किया। हैद्रा इन दोनों तालाबों पर दूसरे चरण के अंतर्गत विकास कार्य शुरू करने जा रहा है। उन्होंने यह भी देखा कि केवल बरसाती नालों के माध्यम से ही नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों से सीधे सीवेज तालाबों में प्रवेश कर रहा है, जिसके कारण दुर्गंध फैल रही है। उन्होंने कहा कि तालाबों में सीधे गंदे पानी के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक उपायों पर भी समीक्षा की जा रही है।

रंगनाथ ने इसके लिए मल जल नालों को मोड़ने के लिए योजना बनाने के निर्देश दिये। रंगनाथ ने कहा कि गंगारम तालाब लगभग 111 एकड़ में फैला हुआ है, जबकि ईर्ला चेरुवु लगभग 32 एकड़ क्षेत्र में स्थित है। अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि इन दोनों तालाबों की एफटीएल सीमाओं में किसी भी परिस्थिति में कमी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने बफर ज़ोन के साथ साथ तालाबों के पास स्थित सरकारी भूमि की भी सुरक्षा करने के निर्देश दिये।
एचटीआरए ने 1310 एकड़ सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाया
साथ ही, कहा कि तालाबों के आसपास पार्क, बच्चों के खेल क्षेत्र तथा सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएँ। आयुक्त ने तालाबों के चारों ओर छाया देने वाले ऊँचे पेड़ लगाने के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। अवसर पर अतिरिक्त निदेशक वरला पापय्या सहित एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त रंगनाथ ने एक अन्य बयान में कहा है कि सुन्नम चेरुवु सहित किसी भी अन्य तालाब की एफटीएल सीमा एक बार निर्धारित हो जाने के बाद उसमें कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
यह भी पढे़: हैद्रा आयुक्त ने जलमग्न इलाकों का दौरा किया
रंगनाथ ने दोहराया कि कुकटपल्ली विधायक माधवरम कृष्णाराव द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। पहले हैद्रा की कार्रवाई की सराहना करने और सहयोग देने वाले विधायक कृष्णाराव का अचानक आलोचना करना समझ से परे है। आयुक्त ने बताया कि अब तक हैद्रा ने 1240 स्थानों पर अतिक्रमण हटाकर 1310 एकड़ सरकारी भूमि की रक्षा की है, जिनमें अधिकांश प्रभावशाली व्यक्तियों के अतिक्रमण शामिल हैं। हैद्रा राजनीतिक हस्तक्षेप से परे कार्य कर रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



