हैदराबाद एयरपोर्ट पर 3.38 किलो तस्करी का सोना बरामद, डीआरआई ने दो गिरफ्तार किए

हैदराबाद, राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विदेशी मूल का 3.38 किलो तस्करी किया गया सोना जब्त करते हुए फिल्मी अंदाज में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद सोने की कुल कीमत लगभग 3.36 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीआरआई हैदराबाद ज़ोनल यूनिट को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 22 अगस्त को एयरपोर्ट पर निगरानी रखी गई थी। इस दौरान कुवैत से आए यात्रियों का दो संदिग्ध सामान नज़र में आया, जिसे लेने कोई नहीं आया। सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुआ कि यात्रियों ने जानबूझकर बैग छोड़ दिए थे। जांच में एक बैग से 1261.800 ग्राम सोना (करीब 1.25 करोड़ रुपये) बरामद हुआ।


इसके बाद छोड़े गए बैग से जुड़े यात्री को आंध्र प्रदेश के अन्नमय्या ज़िले में ट्रैक किया गया और 16 सितम्बर को हैदराबाद लौटते समय गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि कुवैत में एक हैंडलर ने उसे बैग सौंपा था और एयरपोर्ट पर छोड़ने का निर्देश दिया था। जांच में पता चला कि वह हैंडलर भी भारत लौट चुका है और कडप्पा से हैदराबाद आ रहा है। 17 सितम्बर को आंध्र प्रदेश के पास एक टोल प्लाजा पर जाल बिछाकर उसे भी दबोच लिया गया।
दूसरे बैग में सोना लोहे के बॉक्स के भीतर बारीकी से छिपाया गया था, जिसमें से 2117.800 ग्राम सोना (करीब 2.11 करोड़ रुपये) बरामद हुआ। इस मामले से जुड़े यात्री को भी 17 सितम्बर को आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडप्पा ज़िले से गिरफ्तार किया गया। उसने भी तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
दोनों कार्रवाइयों में कुल 3379.600 ग्राम सोना (3.36 करोड़ रुपये) जब्त किया गया। आरोपियों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



