एम्स बीबीनगर के कार्यों का केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने लिया जायजा
हैदराबाद, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने एम्स बीबीनगर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
निरीक्षण के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए किशन रेड्डी ने एम्स की प्रगति, सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एम्स बीबीनगर अस्पताल को इसी वर्ष के अंत तक पूर्ण करने का निर्णय लिया गया है। 202 एकड़ क्षेत्र में 750 बेड की क्षमता के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एम्स का निर्माण 1,110 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।
किशन रेड्डी ने कहा कि एम्स में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराते हुए सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं जनता को प्रदान करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य तेजी से जारी है और देश में जहां अधिकांश एम्स ग्रीनफील्ड परियोजनाएं हैं, वहीं बीबीनगर में ब्राउनफील्ड एम्स का निर्माण होना इसकी विशेषता है। किशन रेड्डी ने बताया कि मेडिकल छात्रों के लिए 24 मंजिला हॉस्टल भवन निर्माणाधीन हैं। अब तक एम्स में 1,000 से अधिक कर्मचारियों की नियुक्ति की जा चुकी है।
साथ ही, 1 जनवरी से आपातकालीन सेवाएं शुरू हो चुकी है, जहां फिलहाल 220 बेड उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि एम्स में चिकित्सा अनुसंधान (रिसर्च) गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में एम्स में कुल 880 मेडिकल छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें 497 एमबीबीएस, 146 स्पेशलिस्ट कोर्स, और 142 नर्सिंग कोर्स के छात्र शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मरीजों और उनके परिजनों के लिए “अमृत निवास” के नाम से विशेष आवास सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।



86 प्रतिशत कार्य पूरा
एम्स में प्रतिदिन लगभग 1,800 मरीज ओपीडी सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं। वर्तमान में बीएससी और एमएससी नर्सिंग कोर्स संचालित हैं और छात्र यूजी व पीजी हॉस्टलों में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। अब तक एम्स निर्माण पर 831 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं और कुल कार्यों का 86 प्रतिशत पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और आरोग्यश्री योजनाओं के तहत पूर्णतः निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि अन्य मरीजों से नाममात्र शुल्क लिया जाएगा।
यह भी पढ़े: सुधारों के लिए बदलाव जरूरी : किशन रेड्डी
किशन रेड्डी ने कहा कि एम्स के पास रेलवे स्टेशन स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे है, इसके लिए 450 करोड़ की लागत से एमएमटीएस द्वितीय चरण परियोजना प्रस्तावित है, जिसके पूरा होने पर एम्स के निकट एमएमटीएस स्टॉप भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एम्स से जुड़े स्थानीय मुद्दों को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



