मेदाराम जातरा में नाबालिग से कथित यौन उत्पीड़न का मामला
नई दिल्ली/मुलुगु: तेलंगाना के मुलुगु ज़िले में आयोजित समक्का–सरलम्मा मेदाराम जातरा के दौरान 13 वर्षीय किशोरी से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने संज्ञान लिया है। यह कार्रवाई मीडिया और सोशल मीडिया में सामने आई रिपोर्टों के आधार पर की गई है।
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि जातरा के दौरान किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ से आए पांच युवकों की संलिप्तता बताई जा रही है।
अधिवक्ता भी जांच में सहयोग करेंगे
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने एक जांच समिति का गठन किया है। यह समिति आयोग की सदस्य डेलिना खोंगडुप के नेतृत्व में काम करेगी, जबकि कंचन खट्टा, वरिष्ठ समन्वयक (NCW), समिति की सदस्य होंगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), मुलुगु द्वारा नामित अधिवक्ता भी जांच में सहयोग करेंगे।
जांच समिति को कथित घटना की परिस्थितियों की जांच, संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई का आकलन, तथ्यों की पुष्टि और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव देने का निर्देश दिया गया है। समिति अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें आयोग को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की कड़ी निगरानी की जाएगी।
यह भी पढ़े– दमरे महाप्रबंधक ने किया नामपल्ली और चेर्लापल्ली स्टेशन का निरीक्षण
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



