पुजारी को राष्ट्रीय सीनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 60 किग्रा वर्ग में स्वर्ण
मोदीनगर (उत्तर प्रदेश), राष्ट्रमंडल खेलों के दो बार के पदक विजेता गुरुराजा पुजारी ने अपने अनुभव और स्तर का प्रदर्शन करते हुए बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रीय युवा, जूनियर और सीनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप के दूसरे दिन सीनियर पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
राष्ट्रमंडल खेल 2028 में 56 किग्रा वर्ग में रजत और 2022 में 61 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले कर्नाटक के पुजारी ने कुल 269 किग्रा वजन उठाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 119 किग्रा जबकि क्लीन एवं जर्क में 150 किग्रा वजन उठाया। मणिपुर के ऋषिकांत सिंह ने स्नैच में 119 किग्रा वजन उठाकर उन्हें कड़ी टक्कर दी लेकिन क्लीन एवं जर्क में 147 किग्रा वजन ही उठा पाए जिससे उन्हें कुल 266 किग्रा वजन के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
सेना के एस गुरु नायडु ने कुल 265 किग्रा वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। जूनियर पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में अरुणाचल प्रदेश के चेरा तानिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 253 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 110 किग्रा जबकि क्लीन एवं जर्क में 143 किग्रा वजन उठाया। मणिपुर के बन्नी सिंह (247 किग्रा) और मिजोरम के इसाक माल्सॉमतलुआंगा (239 किग्रा) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक अपने नाम किया।
232 किग्रा के साथ सुब्रत नाइक शीर्ष पर, ओडिशा को दो पदक
युवा पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में ओडिशा का दबदबा रहा जिसमें सुब्रत नाइक और मुकेश गमांगो शीर्ष दो स्थान पर रहे। नाइक ने कुल 232 किग्रा (107+125) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता जबकि गमांगो 225 किग्रा वजन उठाकर दूसरे स्थान पर रहे। झारखंड के ओम कुमार ने 224 किग्रा वजन के साथ कांस्य पदक जीता।
यह भी पढ़े: डेविस कप : बेंगलुरु की ऊंचाई बनेगी भारत-नीदरलैंड की चुनौती
इससे पहले पुरुषों के 56 किग्रा युवा वर्ग में सेना खेल नियंत्रण बोर्ड के धर्म ज्योति देवघरिया कुल 230 किग्रा वजन उठाकर चैंपियन बने। उन्होंने स्नैच में 103 किग्रा जबकि क्लीन एवं जर्क में 127 किग्रा वजन उठाया। आंध्र प्रदेश के अप्पनेनी पृथ्वी ने कुल 215 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक जीता जबकि उत्तराखंड के अर्शलान 212 किग्रा वजन उठाकर तीसरे स्थान पर रहे। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



