हैदराबाद से राष्ट्रीय बाज़ार में लांच हुआ ई-ऑटो महिंद्रा उड़ो
हैदराबाद, इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड ने तेलंगाना के ज़हीराबाद विनिर्माण इकाई में बनी उन्नत इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर महिंद्रा उड़ो को राष्ट्रीय बाज़ार में पेश किया। यह ई-ऑटो हवाई जहाज के डिजाइन से प्रेरित है। इसे ऑटोप्लेन की अवधारणा के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड ने हाईटेक्स में आयोजित कार्यक्रम में महिंद्रा उड़ो का लोकार्पण किया, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 3,84,299 है, लेकिन कंपनी ने घोषणा की कि सीमित अवधि के लिए इसे 3,58,999 में उपलब्ध कराया जाएगा। महिंद्रा इंडिया डिज़ाइन स्टूडियो के प्रमुख प्रताप बोस और उनकी टीम ने ऑटो को नए सिरे से डिज़ाइन किया है। कोशिश की गयी कि यह पारंपारिक ऑटो रिक्शा से कुछ भिन्न और आकर्षक लगे। कंपनी की प्रबंध निदेशक सुमन मिश्रा ने बताया कि महिंद्रा ई ऑटो उड़ो का निर्माण तेलंगाना सरकार के साथ किये गये 1000 करोड़ रुपये निवेश के करार का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें… आरबीवीआरआर महिला महाविद्यालय : औषधीय पौधों के अनुसंधान पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
महिंद्रा उड़ो: एक चार्ज में 200 किमी की वास्तविक रेंज
प्रत्यक्ष निर्माण इकाई में अब तक 500 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। ज़हीराबाद ईकाई में हर साल 2 लाख ई ऑटो निर्माण की क्षमता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नये महिंद्रा उड़ो की माँग को देखते हुए कंपनी इस क्षेत्र में बाज़ार के नेतृत्व की भूमिका निभाएगी। यह ऑटो एक रिचार्ज में 200 किमी की वास्तविक रेंज प्रदान करता है। ऑटो कुछ इस तरह बनाया गया है कि देश भर में सभी तरह के मौसम, मैदानी तथा पहाड़ी इलाकों में आरामदायक तरीके से चलाया जा सकता है।
एक प्रश्न के उत्तर में सीईओ व प्रबंध निदेशक सुमन मिश्रा ने कहा कि यह ऑटो लास्ट माइल मोबिलिटी को जीविका से गरिमा की ओर ले जाने का एक निर्णायक कदम है। महिंद्रा उड़ो पर 1.5 लाख किमी या 6 वर्ष की वारंटी दी जा रही है। चार्जिंग सुविधा घरेलू स्तर पर उपयोगी बनायी गयी है। उन्होंने कहा कि कंपनी के माध्यम से पहले ही दस हज़ार चार्जिंग स्टेशन देश भर में बनाये गये हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



