हैद्रा : साइबराबाद में चला बुल्डोज़र
हैदराबाद, हैद्रा ने माधापुर स्थित हाईटेक्स प्रदर्शनी सेंटर के समीप अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए सैकड़ों अस्थायी शेड और दर्जनों दुकानों को हटाया। मोंडीकुंटा तालाब के आसपास अतिक्रमणों को हटाकर फेंसिंग लगायी गयी। हैद्रा का दावा है कि तालाब और उससे सटी सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाकर लगभग 11 एकड़ जमीन को मुक्त कराया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 2,200 करोड़ रुपये है।
हैद्रा सूत्रों के अनुसार, रंगारेड्डी ज़िले के शेरीलिंगमपल्ली मंडल के खानामेट गाँव के निवासियों ने प्रजावाणी कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई थी कि यहाँ बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो रहा है। शिकायत के बाद हैद्रा, राजस्व और जीएचएमसी अधिकारियों के साथ संयुक्त जाँच की गई। जाँच में पाया गया कि तालाब के फुल टैंक लेवल क्षेत्र में मंदिर की सीमा दिखाकर कब्जाधारियों ने दुकानें, मैकेनिक शेड, आयरन-स्टील की दुकानें आदि बनाकर व्यावसायिक गतिविधियाँ शुरू कर दी थीं। हालाँकि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर अदालत के स्थगन आदेश मौजूद था, फिर भी अस्थायी शेड और दुकानें खड़ी की गई थीं। जानकारी के अनुसार 30 से अधिक दुकानों से लगभग 2 करोड़ किराया वसूला जा रहा था।
यह भी पढ़ें… लोकतंत्र की मजबूती हेतु केंद्र तथा राज्य में समन्वय आवश्यक : प्रो. तिरुपति राव
हैद्रा आयुक्त ने बताया कि 31 जनवरी को हैद्रा ने मामले में बैठक आयोजित की थी, जिसमें राजस्व अधिकारी और कब्जाधारी उपस्थित थे। एनआरसीएस सैटेलाइट चित्रों की जाँच में अतिक्रमण की पुष्टि हुई। कब्जाधारियों को समय देने के बाद गुरुवार को भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच अतिक्रमण हटाया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



