उषा उथुप तथा कैलाश खेर ‘सैक्रेड अमृतसर’ में लेंगे हिस्सा
नयी दिल्ली, ‘सैक्रेड अमृतसर’ महोत्सव के चौथे संस्करण में संगीत, शायरी और कलात्मक अभिव्यक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जिसमें उषा उथुप और कैलाश खेर जैसे गायक तथा शास्त्रीय संगीत मंडली ‘अनिरुद्ध वर्मा कलेक्टिव’ प्रस्तुतियां देते नजर आएंगे।
टीमवर्क आर्ट्स की ओर से आयोजित यह महोत्सव 20 फरवरी को अमृतसर में सरोवर प्रीमियर, विभाजन संग्रहालय और किला गोबिंदगढ़ सहित अन्य स्थानों पर शुरू होगा। आयोजकों के मुताबिक ‘सैक्रेड अमृतसर’ का चौथा संस्करण रहस्यमय परंपराओं, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक संवाद का जश्न मनाएगा और इसमें प्राचीन छंदों से लेकर समकालीन अभिव्यक्तियों दोनों का संगम देखने को मिलेगा।
समकालीन भारतीय शास्त्रीय संगीत समूह ‘द अनिरुद्ध वर्मा कलेक्टिव’ देगा प्रस्तुति
टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजय के रॉय ने एक बयान में कहा कि ‘सैक्रेड अमृतसर’ उन आवाजों और परंपराओं को एक साथ लाता है, जो हमें संगीत की उपचार करने, सवाल उठाने और एकजुट करने की ताकत की याद दिलाती हैं। यहां पियानो वादक और संगीतकार अनिरुद्ध वर्मा के नेतृत्व वाले समकालीन भारतीय शास्त्रीय संगीत समूह ‘द अनिरुद्ध वर्मा कलेक्टिव’ की प्रस्तुति ‘सैक्रेड अमृतसर 2026’ के मुख्य आकर्षणों में से एक होगी।
कहा गया है कि दो दिवसीय महोत्सव में उषा उथुप संगीत को समावेशन, आनंद और साझा मानवीय मूल्यों की शक्ति के रूप में प्रदर्शित करने वाली, जबकि सूफी गायक कुटले खान समकालीन वैश्विक नजरिये से राजस्थान की समृद्ध संगीत परंपराओं की खोज करने वाली प्रस्तुतियां देंगे। यहां 25 से अधिक भाषाओं में 1,500 से अधिक गानों को आवाज देने वाले कैलाश खेर भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
महोत्सव में पत्रकार-लेखक हरिंदर बावेजा पूर्व राजनयिक नवदीप सूरी के साथ “संघर्ष की रिपोर्टिंग : पंजाब और उसके आघात” विषय पर संवाद सत्र की मेजबानी करेंगे। जबकि महोत्सव निदेशक संजय के रॉय इतिहासकार एरिक चोपड़ा के साथ “परलोक : हमारे आसपास के भूत” विषय पर चर्चा करेंगे। (भाषा)
यह भी पढ़े– ट्रंप ने खुद को ‘वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति’ बताया
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



