सृष्टि फर्टिलिटी सेंटर से जुड़ा धनशोधन का मामला – ईडी ने डॉ. नम्रता को किया गिरफ्तार
हैदराबाद, तेलुगु राज्यों में सनसनी फैलाने वाले सृष्टि फर्टिलिटी सेंटर के मामले ने उस समय नया मोड़ लिया, जब प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) ने सरोगसी की आड़ में बड़े पैमाने पर धन शोधन करने के मामले में सृष्टि फर्टिलिटी सेंटर की संचालिका डॉ. नम्रता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद नम्रता को नामपल्ली स्थित अपराध न्यायालय में पेश किया गया और अदालत के आदेश पर उसे 26 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में चंचलगुड़ा जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि फर्टिलिटी सेंटर की आड़ में सरोगेसी के माध्यम से नि:संतान दंपतियों को संतान प्राप्त कराने का झांसा देकर शिशुओं की खरीद फरोख्त को अंजाम दिया गया था। ग्रामीण इलाकों के गरीब परिवारों से कन्या व बालक शिशुओं को खरीद कर डॉ नम्रता उन्हें लाखों रुपये वसूल कर निसंतान दंपत्तियों को बेच रही थी। इस मामले का खुलासा होने के बाद ईडी के अधिकारी डॉ. नम्रता के वित्तीय लेन-देन पर नजर रखे हुए थे। डॉ. नम्रता के खिलाफ ठोस सबूत जुटाने के बाद अधिकारियों ने उसके खिलाफ धन शोधन का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : ऑटो में यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरफ्तार
शिशु बीमार पड़ने पर पुन: जांच में रिपोर्ट नेगेटिव आई
जांच पड़ताल के दौरान पता चला की नम्रता गरीब परिवारों से 3 से 5 लाख रुपये में शिशु खरीद कर इसे निसंतान दंपत्तियों को 30 से 40 लाख रुपये में बेच रही थी। यह मामला उस समय उजागर हुआ, जब नम्रता ने इस मामले में नि:संतान दंपत्ति को शिशु के संबंध में फर्जी डीएनए रिपोर्ट दी और बाद में शिशु के बीमार पड़ने पर दंपत्ति ने शिशु का पुन डीएनए करवाया और इसकी रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई थी।
इस मामले को लेकर ईडी द्वारा की गयी छानबीन में पता चला कि डॉ. नम्रता ने इस गोरखधंधे से कमाए गए लगभग 25 करोड़ रुपये विदेश में निवेश किये। इस घोटाले में नम्रता के पुत्र जयंत कृष्णा का भी हाथ है और वर्तमान समय तक इस पूरे मामले में नम्रता व जयंत समेत कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



