बजट पर चर्चा के दौरान भट्टी ने दिये हॉस्टल भवनों की मरम्मत युद्ध स्तर पर करने के निर्देश
हैदराबाद, उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का मल्लू ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इन क्षेत्रों में सर्वोत्तम परिणाम हासिल करने के लिए आवश्यक होने पर असीमित धन खर्च करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
भट्टी विक्रमार्का बुधवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर सचिवालय में अल्पसंख्यक कल्याण, बीसी कल्याण, सड़क परिवहन, सिंचाई, सिविल सप्लाई, सड़क एवं भवन तथा सिनेमैटोग्राफी विभागों की बजट तैयारियों से संबंधित बैठकें आयोजित की गईं।
इनमें मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी, कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, पोन्नम प्रभाकर, अडलुरी लक्ष्मण कुमार और अजहरुद्दीन ने भाग लिया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बजट प्रस्तावों में विवेक और समझ तथा प्रतिबद्धता के साथ प्राथमिकताओं को पहचानते हुए आय-व्यय पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग से संबंधित छात्रावासों और गुरुकुलों के बिल जितनी जल्दी भेजे जाएँगे, उतनी ही जल्दी उन्हें मंजूरी दी जाएगी। साथ ही हॉस्टल भवनों के मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
यह भी पढ़ें… स्वच्छता को दें प्राथमिकता : रेवंत रेड्डी
भट्टी विक्रमार्का मल्लू के निर्देश पर बायोमेट्रिक सिस्टम लागू
उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और शिक्षण स्टाफ के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली तुरंत लागू करने और उसे कंट्रोल रूम से जोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि विश्वस्तरीय मानकों के साथ यंग इंडिया इंटीग्रेटेड स्कूल बनाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य सभी वर्गों के विद्यार्थियों को संयुक्त परिवार की तरह साथ लाना है। उन्होंने छात्रावासों और आवासीय भवनों पर सोलर पॉवर लगाने, डाइट और कॉस्मेटिक चार्ज वृद्धि के बाद नया मेन्यू लागू करने सहित सभी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से छात्रावासों का निरीक्षण करें। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हर तीन महीने में छात्रावासों के बिलों का निपटान किया जा रहा है। मरम्मत से जुड़े बिल भी तुरंत भेजने पर तत्काल स्वीकृत किए जाएंगे।
अवसर पर सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने किसानों के लिए फसल विविधीकरण पर विचार किये जाने का सुझाव दिया। बीसी कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि बीसी वर्ग के रोजगार अवसरों को बढ़ाने और आर्थिक विकास के लिए विशेष योजनाएं शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि महालक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा सफलतापूर्वक जारी है। इसके लिए निधियां समय-समय पर जारी की जा रही हैं।
राज्य में बसों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही महिलाओं को महालक्ष्मी कार्ड वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा कल्याण मंत्री अडलुरी लक्ष्मण ने सुझाव दिया कि लोअर टैंकबंड और काचीगुड़ा में एससी कल्याण विभाग की मूल्यवान भूमि पर विशाल भवन बनाकर विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सुविधाएं विकसित की जाएं। बैठक में सड़क निर्माण की यथास्थिति पर भी चर्चा की गयी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



