हैदराबाद में मिलावटी फेनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, व्यापारी गिरफ्तार
हैदराबाद, गोलकोंडा जोन की टास्क फोर्स पुलिस ने जियागुड़ा डबल बेडरूम आवास के निकट छापा मारकर मिलावटी फेनी तैयार करने का पर्दाफाश किया। इस मामले में फेनी तैयार करने वाले व्यापारी जेबी फूड्स के संचालक गौलीगुड़ा निवासी धनराजपुरी (36) को गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त अंदे श्रीनिवास राव ने यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर टास्क फोर्स पुलिस इंस्पेक्टर आर. वेंकटेश ने कुलसुमपुरा पुलिस के साथ मिलकर छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह भी पढे़: हैदराबाद ड्रग तस्करी गिरफ्तारी
छापे के दौरान पुलिस ने 20 किलो मिलावटी फेनी के 6 बॉक्स, 25 किलो के 16 बॉक्स, 5 किलो का एक बॉक्स, 150 किलो खुली फेनी, 950 किलो मैदा, 810 किलो डालडा, 690 किलो हिमानी बेक मैजिक वनस्पति, एक मिक्सर मशीन, 180 किलो खुला व गरम किया हुआ घी, दो वजन तोलने की मशीन, 19 एचपी गैस सिलेंडर समेत कुल 3.98 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। उन्होंने बताया कि लम्बे समय से आरोपी जे.बी. फूड्स के नाम से मिलावटी फेनी तैयार कर इसे बाजार में बेच रहा था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे आगे की कार्रवाई के लिए कुलसुमपुरा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



