अगले सप्ताह सोने-चाँदी में आ सकती है भारी तेजी
नई दिल्ली, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक अनिश्चितता के बीच निवेशकों द्वारा सुरक्षित निवेश के रूप में कीमती धातुओं का रुख करने से सोमवार को बाजार खुलने पर सोना और चाँदी की कीमतों में भारी तेजी आने की संभावना है। विश्लेषकों ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तेहरान पर इजराइली हमलों के बाद ईरान में बड़े सैन्य अभियान की घोषणा और ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की पुष्टि के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है। इसके जवाब में ईरान द्वारा अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजराइली लक्ष्यों पर जवाबी कार्रवाई से वैश्विक बाजार सहमे हुए हैं। विश्लेषकों का कहना है कि घरेलू बाजार में सोना और चाँदी की कीमतों पर इसका कितना असर पड़ेगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि यह संघर्ष कितने समय तक चलता है।
सोना और चाँदी की कीमतों में बढ़त के साथ शुरुआत
इसके अलावा, इस सप्ताह आने वाले विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई आँकड़े, अमेरिकी खुदरा बिक्री और रोजगार के आँकड़े भी बाजार की दिशा तय करेंगे। एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा कि सोमवार को बाजार खुलते ही सोना और चाँदी की कीमतों में बढ़त के साथ शुरुआत और भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। पश्चिम एशिया का संघर्ष वैश्विक जोखिम धारणा पर हावी है। उन्होंने कहा कि कूटनीतिक समाधान की कम होती उम्मीदों के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चाँदी की ओर भाग रहे हैं।
होली के उपलक्ष्य में मंगलवार को घरेलू जिंस बाजार बंद रहेगा। पिछले सप्ताह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च अनुबंध के लिए चाँदी की वायदा कीमत में 22,054 रुपये (8.72 प्रतिशत) और अप्रैल अनुबंध के लिए सोने की कीमत में 5,228 रुपये (3.33 प्रतिशत) की वृद्धि दर्ज की गई।
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के उपाध्यक्ष प्रणव मेर के अनुसार, केंद्रीय बैंकों और ईटीएफ द्वारा निरंतर खरीदारी और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के कारण सर्राफा बाजार को मजबूत समर्थन मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप के व्यापार शुल्कों के खिलाफ अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले ने बाजार में अनिश्चितता और बढ़ा दी है। (भाषा)
यह भी पढ़े– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर जापान पहुंचे
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



