ओडिशा सरकार ने गर्मी के मद्देनजर शैक्षणिक संस्थानों के लिए एसओपी जारी की

भुवनेश्वर, ओडिशा सरकार ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा भीषण गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किए जाने के मद्देनजर राज्य के सभी कॉलेज और विश्वविद्यालयों में लू प्रबंधन के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि यह निर्देश लू की स्थिति से निपटने और छात्रों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए तैयारी सुनिश्चित करने तथा एहतियाती उपाय के मकसद से जारी किया गया है। एसओपी के अनुसार, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को सलाह दी गई है कि वे छात्रों को भीषण गर्मी की स्थिति से बचाने के लिए, जहां तक ​​संभव हो कक्षाएं, आंतरिक मूल्यांकन और परीक्षाएं सुबह के समय आयोजित करें या उनका समय बदलें।

दोपहर के समय बाहरी खेलकूद पर रोक

दोपहर के समय में बाहरी शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जहां अपरिहार्य हो, ऐसी गतिविधियां पर्याप्त सुरक्षा उपायों के साथ और दिन के अपेक्षाकृत ठंडे समय में आयोजित की जानी चाहिए। सभी उच्च शिक्षा संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे परिसरों के भीतर कई स्थानों पर स्वच्छ और पीने योग्य पानी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसमें कहा गया है कि कक्षाओं, छात्रावासों, सार्वजनिक क्षेत्रों और परीक्षा केंद्रों में ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट (ओआरएस) का पर्याप्त भंडार बनाए रखा जाना चाहिए और उसे आसानी से उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

यह भी पढे़: गर्मियों में जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें : कोंडा सुरेखा

एसओपी में ग्रीष्म ऋतु के दौरान जल आपूर्ति में व्यवधान को रोकने के लिए ट्यूबवेल, हैंडपंप और पेयजल सुविधाओं के निरीक्षण तथा मरम्मत को भी अनिवार्य किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने छह से 12 मार्च के बीच राज्य में तापमान के बढ़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। आईएमडी ने प्रदेश के आंतरिक जिलों में दिन के तापमान के 36 से 38 डिग्री सेल्सियस आसपास रहने तथा राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button