तेलंगाना में महिलाएँ असुरक्षित : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने चिंता जताते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में महिलाएँ असुरक्षित हैं। तेलंगाना में महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ते जा रहे हैं। बालिकाओं के साथ बलात्कार, गृह हिंसा के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार केवल बयानों तक सीमित होकर रह गई है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि कांग्रेस की उल्टी गिनती (काउन्ट डाउन) शुरू हो चुकी है आंकड़ों के अनुसार राज्य में 3 हजार बलात्कार हुए हैं। क्राइम रेट में 7.3 प्रतिशत वृद्धि हुई है। यह चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार के 99 दिनों तक प्रजा प्रशासन का उल्लेख करते हुए कहा कि 99 दिनों से कुछ नहीं होगा। अब अगले 999 दिनों में कांग्रेस का अंत होने जा रहा है।
रामचंदर राव ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस और विपक्षियों के भारी विरोध के बावजूद मोदी सरकार ने देश के इतिहास में पहली बार गिरिजन महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद से सम्मानित किया है, वहीं देश की पहली रक्षा मंत्री के तौर पर वर्तमान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को जिम्मेदारी दी गयी थी। उन्होंने हम भारत की नारी हैं फूल नहीं चिंगारी हैं, का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा भी फूल नहीं चिंगारी है। कांग्रेस ने चुनाव पूर्व महिलाओं से प्रति माह 2,500 रुपये देने, कल्याण लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 2 तोला सोना देने समेत कई वादे किए, जिन्हें भुला दिया गया है। अब महिलाएं ही कांग्रेस सरकार को सबक सिखाएंगी।
यह भी पढ़ें… विकास के लिए स्पष्ट नीतियाँ और राजनीतिक स्थिरता ज़रूरी : किशन रेड्डी
महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम
रामचंदर राव ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से संसद के नए भवन में सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम -2023 पारित किया। उन्होंने तेलंगाना की महिलाओं के जीवन में परिवर्तन के लिए सुशासन की आवश्यकता पर बल दिया और शिक्षित, युवा महिलाओं से भाजपा में शामिल होने का आह्वान किया करते हुए कहा कि अब महिलाओं के राजनीति में आने का समय निकट आ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाएं सुरक्षित हैं इसलिए महिलाओं का विश्वास भाजपा पर बढ़ा है।
रामचंदर राव ने कहा कि नारी शक्ति की भावना भाजपा में केवल नारा नहीं है, बल्कि महिलाओं के नेतृत्व में देश निर्माण का एक राष्ट्रीय मिशन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ- बेटी पढाओ कार्यक्रम ने समाज में परिवर्तन लाने का काम किया है वहीं महिलाओं को लकड़ी के चूल्हे से छुटकारा दिलाने उज्ज्वला योजना के अंतर्गत रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को आवास देकर उनके अपने घर के सपने को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में महिलाओं को कई क्षेत्रों में अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



