शहर में बहनापाशहर में बहनापा

अब महिलाएं एक-दूसरे के लिए खड़ी हो रही हैं- व्हाट्सऐप ग्रुप्स में, आधी रात की चहलकदमी में और एक्सरसाइज केन्द्रां में। वे अपने जीवन के अनुभवों को साझा कर रही हैं, एक-दूसरे की मदद कर रही हैं और विश्वास से कह रही हैं कि बहन तुम अकेली नहीं हो। इसे ही सिस्टरहुड कहते हैं, जिसे ब्रदरहुड यानी भाईचारा की तर्ज़ पर बहनचारा या बहनापा भी कहा जा सकता है।

मेरी एक कजिन है। उसके पति ने उसे बुरी तरह से पीटा है। उसे क़ानूनी मदद चाहिए। क्या किसी के पास कोई काँटैक्ट है? यह मैसेज वीमेन फॉर वीमेन व्हाट्सऐप ग्रुप पर आधी रात को पोस्ट किया गया था, लेकिन इसके बावजूद चंद ही मिनटों में मदद आने लगी- काँटैक्ट्स, संदर्भों, संभावित समाधानों आदि के रूप में। यह समूह ऐसी महिला को सहारा देने के लिए एकजुट हो गया जिससे वह कभी मिला ही नहीं था।

इस व्हाट्सऐप ग्रुप को 2024 में वीमेन स्टडीज की स्कॉलर सुमेधा डे ने कोलकाता में शुरू किया था और अब यह अखिल भारतीय है। महिलाओं द्वारा महिलाओं की मदद करने वाला यह इकलौता समूह नहीं है। इस किस्म के ग्रुप्स शहरी भारत में बढ़ता हुआ फेनोमेनन हैं ताकि महिलाएं उस नये संसार में सफर कर सकें जिसमें वह स्वतंत्र तो हैं, लेकिन सुरक्षित स्थलों व वास्तविक मानव संपर्क से वंचित हैं।

‘औरत ही औरत की दुश्मन’ धारणा को चुनौती

इसी कमी को पूरा करने के लिए नेटवर्क ऑ़फ वीमेन इन मीडिया (पत्रकारिता में महिलाएं), द बाइकरनी (टू-व्हीलर महिला चालक), शीरोज़ (महिलाओं का नेटवर्किंग समूह), ब्रेक फ्री स्टोरीज (तलाकशुदा महिलाओं का समूह), मजलिस (क़ानूनी मदद करने वाली महिला वकीलों का समूह), वीमेन वाक एट मिडनाईट (महिलाओं का आज़ादी के साथ अपने शहर में घूमना), वीमेन इन सिनेमा कलेक्टिव (फिल्मोद्योग में काम करने वाली महिलाओं का समूह) आदि वजूद में आये हैं।

ज़ाहिर है, यह ग्रुप्स औरत ही औरत की दुश्मन है धारणा को गलत साबित कर रहे हैं, जो सास-बहू के झगड़ों से चर्चित हुई थी।
बहरहाल, यह बहनापा केवल आम महिलाओं तक सीमित नहीं है। सेलेब्रिटीज़ में भी इस फेनोमेनन को देखा जा सकता है। शायर जावेद अख्तर के 80वें जन्मदिन (17 जनवरी 2025) पर ऐक्टर-डायरेक्टर तन्निष्ठा चटर्जी ने अपनी गर्ल गैंग के साथ खूब मौज-मस्ती की। इसके तीन दिन बाद जीवन स्टॉपवाच के साथ दस्तक देता हुआ आया और वह एक तरह से लुप्त हो गई।

स्टेज-4 कैंसर का पता चलते ही तन्निष्ठा की जिंदगी बदली

तन्निष्ठा, जो फुल प्लेट के निर्देशन में व्यस्त थीं, को मालूम हुआ कि उन्हें स्टेज 4 ओलिगो-मेटास्टेटिक कैंसर है। उनकी फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के बीच में थी और सब कुछ बिखर गया। उनकी बहन भारत में नहीं रहती। पति से तलाक हो चुका है। पिता का निधन 2024 में हो गया था। वह अकेलापन महसूस कर रही थीं, विशेषकर इसलिए कि उनकी मां डिप्रेशन में थीं। साथ ही उन्हें अपनी गोद ली हुई बेटी की भी देखभाल करनी थी।

ऊपर से कैंसर! यह नाटक भी मेरे जीवन में होना था, वह कहती हैं। इस पृष्ठभूमि में भी वह अपनी फिल्म पूरा कर सकीं और कैंसर डायग्नोज़ होने के बाद में जी सकीं, इसका श्रेय तन्निष्ठा अपनी बहनों को देती हैं। बहनों का यह समूह खुद को ढेर सारा प्यार कहता है और इसमें गैंग लीडर शबाना आज़मी हैं व सदस्यों में उर्मिला मतोंडकर, संध्या मृदुल, तन्वी आज़मी, दिव्या दत्ता, ऋचा चड्ढा, विद्या बालन, दीया मिर्ज़ा, शहाना गोस्वामी व कोंकोणा सेन शर्मा शामिल हैं। वे तन्निष्ठा को टाइगर टैन पुकारती हैं।
तन्निष्ठा की डायग्नोसिस के कुछ सप्ताह बाद 4 फरवरी 2025 को उर्मिला का जन्मदिन था, जिसमें वह नहीं गईं।

कैंसर की खबर पर दोस्तों ने बढ़ाया हौसला

तन्निष्ठा का कहना है, मैंने तय किया कि उर्मिला अपना जन्मदिन मना ले और फिर मैं हर किसी को अपने कैंसर के बारे में बता दूंगी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। संध्या, ऋचा व कुछ अन्यों को मालूम हो गया और फिर उर्मिला की पार्टी तन्निष्ठा की कैसे मदद की जाये इवेंट बन गई। तन्निष्ठा स्वीकार करती हैं कि बहनापा मेरे लिए नई खोज है। बचपन से उनके सभी करीबी दोस्त पुरुष ही रहे हैं। लेकिन आयु बढ़ने के साथ आहिस्ता-आहिस्ता मुझे एहसास हो रहा है कि महिलाओं की आपस में जो हमदर्दी व प्यार होता है वह बहुत अलग है।

दीया ने उन्हें डाक्टरों के नंबर उपलब्ध कराये, विद्या बालन ने अपॉइंटमेंट फिक्स किया और उन्हें डॉक्टर के पास लेकर गईं। शबाना ने उन्हें एक्सरसाइज के वीडियो भेजे। तन्निष्ठा के लिए यह सब आश्चर्यजनक था। पहले यह मात्र फन ग्रुप था, जिसमें वह मिलती, हंसतीं व मजाक करती थीं। लेकिन जब तन्निष्ठा को कैंसर हुआ तो सबने एहसास किया कि ज़िम्मेदारी व केयर भी है।

-अंतरा पटेल

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button