चंद्रबाबू ने सांसद को दिये पार्टी गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश
अमरावती/हैदराबाद, मोइनाबाद ड्रग्स मामले में एलुरु के सांसद पुट्टा महेश के खिलाफ लगे आरोपों को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायुडू ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। नायुडू के आदेश पर तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने सांसद को औपचारिक नोटिस जारी किया।
टीडीपी नेतृत्व ने सांसद पुट्टा महेश को जाँच पूरी होने तक सभी पार्टी गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री नायुडू ने स्पष्ट किया कि पार्टी की नीति ड्रग्स के मामलों में जीरो टॉलरेंस की है। किसी भी नेता की व्यक्तिगत गलती से पार्टी की छवि को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने एलुरु के सांसद पुट्टा महेश यादव को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 14 मार्च को हैदराबाद के मोइनाबाद स्थित एक फार्महाउस में कथित तौर पर मादक पदार्थों के सेवन के आरोपों को लेकर जारी किया गया है।
नोटिस में सांसद महेश यादव को पांच दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही विस्तृत रिपोर्ट आने तक उन्हें पार्टी गतिविधियों से दूर रहने को कहा गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि सांसद द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बाद में सांसद महेश ने सफाई देते हुए कहा कि मैंने कोई गलती नहीं की है। उन्होंने कहा कि चर्चा में आई पार्टी में मैं केवल अपने मित्र से मिलने गया था। यह भी कहा कि मेरे बारे में सभी लोगों को पता है कि मैं किस तरह का व्यक्ति हूँ। सांसद ने यह भी कहा कि शीघ्र ही लोगों के सामने सच्चाई सामने आएगी और मैं पूरी तरह से निर्दोष पाया जाऊँगा।
वाईएसआरसीपी ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
तेदेपा सांसद पुट्टा महेश के मामले को लेकर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नेल्लूर में मीडिया से बात करते हुए पार्टी नेता काकानी गोवर्धन रेड्डी ने सांसद महेश कुमार यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सांसद ड्रग्स पार्टी में पकड़े गए हैं तो उन पर वही कानून लागू होना चाहिए जो आम नागरिकों पर लागू होता है। उन्होंने मांग की कि सांसद लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दें और उन्हें टीडीपी से निलंबित किया जाए।
यह भी पढ़ें… कोंडागट्टू हनुमान मंदिर का होगा तितिदे जैसा विकास : बंडी संजय
वाईएसआरसीपी के एमएलसी पर्वतरेड्डी चंद्रशेखर रेड्डी ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि पुलिस छापे के दौरान गोली चलाने की कोशिश की खबरें भी गंभीर हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वाईएसआरसीपी नेताओं ने राज्य में बढ़ते ड्रग्स के खतरे और उससे जुड़े अपराधों पर चिंता जताते हुए सरकार से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





