सैम्युअल के बयान से हिन्दुओं की भावनाएँ आहत हुईं : भाजपा

Ad

हैदराबाद, तूंगतुर्ती के विधायक मंदुला सैम्युअल के बयान पर आपत्ति जताते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी से इस बयान पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि इस बयान से हिन्दू समाज की भावनाएँ आहत हुई हैं।

रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राज्य सचिव कोप्पु बाशा, आधिकारिक प्रवक्ता कप्परा प्रसाद राव, पूर्व विधायक गुव्वला बालराजू और भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव एस. कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हाल ही में गांधी भवन में दिए गए बयान से हिन्दू समाज की भावनाएँ आहत हुई हैं। कांग्रेस पार्टी को इस मामले पर तुरंत स्पष्ट रुख अपनाकर कार्रवाई करनी चाहिए।

कोप्पु बाशा ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि को जिम्मेदारी के साथ बोलना चाहिए, लेकिन इस तरह की भाषा का प्रयोग करना दुखद है। उन्होंने कहा कि वेद मंत्रों से आशीर्वाद प्राप्त करने वालों के बारे में अपमानजनक टिप्पणियाँ करना हिन्दू समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाने जैसा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बयान के दौरान मंच पर मौजूद कांग्रेस नेताओं का चुप रहना चिंता का विषय है।

यह भी पढ़ें… पूर्णता के करीब है काजीपेट रेलवे मैन्युफैक्चरिंग यूनिट : किशन रेड्डी

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से हिन्दू धर्म पर चुप्पी पर सवाल

भाजपा के आधिकारिक प्रवक्ता कप्परा प्रसाद राव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के रवैये से यह धारणा मजबूत हो रही है कि उसे हिन्दू धर्म और सनातन परंपराओं के प्रति सम्मान नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से सवाल किया कि यदि वे स्वयं को हिन्दू बताते हैं तो हिन्दू धर्म का अपमान होने पर वे क्यों चुप हैं। इसके अलावा गुव्वला बालराजू ने कहा कि भारत में हजारों वर्षों से लोग सनातन धर्म का सम्मान करते हुए जीवन जी रहे हैं।

ऐसे में धर्म का अपमान करने वाले बयानों पर कांग्रेस द्वारा कोई कार्रवाई न करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मूसी नदी के शुद्धिकरण के नाम पर गरीब लोगों को बेघर किया जा रहा है। एस. कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार को दलितों के नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके लिए किए गए वादों की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से दलित कल्याण पर श्वेत-पत्र जारी करने की भी माँग की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कांति किरण, भाजपा धार्मिक प्रकोष्ठ के संयोजक सूर्यप्रकाश समेत कई नेता मौजूद थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button