सज्जनार ने दी आईपीएल में सट्टेबाजी से दूर रहने की नसीहत
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन की शुरुआत के साथ ही सट्टेबाजी को लेकर सख्त चेतावनी जारी की। पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि क्रिकेट को केवल खेल की भावना से देखें और सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें।
सट्टेबाजी के जाल में फंसकर लोग अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं। पहले सरकार ने सैकड़ों बेटिंग ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन अब सट्टेबाजी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे टेलीग्राम, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए नए रूप में फैल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे ऐप्स और सट्टेबाजी को बढ़ावा देने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सिर्फ पैसों के लालच में इन गतिविधियों को प्रमोट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़े: लालच से रहें सावधान : सज्जनार
पुलिस की टीमें फार्म हाउस और गुप्त स्थानों पर चल रही ऑफलाइन सट्टेबाजी पर भी नजर बनाए हुए हैं। ऐसे ठिकानों पर छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने बताया कि सट्टेबाजी के कारण लोग भारी कर्ज में डूब जाते हैं और इससे परिवार भी बर्बाद हो जाते हैं। इसलिए नागरिक अपने परिवार के भविष्य को खतरे में न डालें और इस अवैध गतिविधि से दूर रहें। इसके अलावा सट्टेबाजी को लेकर हेल्पलाइन नंबर डॉयल 100 पर शिकायत करने की भी अपील की गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



