मणिपुर में 5 जिलों में 3 दिन के लिए इंटरनेट सेवा बंद : सरकार
इंफाल, मणिपुर सरकार ने मंगलवार को घाटी के पांच जिलों में तीन दिन के लिए इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को निलंबित करने का आदेश दिया, जिनमें ब्रॉडबैंड, वीसैट और वीपीएन शामिल हैं।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि गृह आयुक्त एन. अशोक कुमार ने मंगलवार से पाँच ज़िलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं पर प्रतिबंध लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए। गृह विभाग के बयान में कहा गया है कि मणिपुर के पाँच ज़िलों – इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्वी, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर में क़ानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, और ग़लत जानकारी तथा अफ़वाहों को रोकने के लिए, सरकार ने इन पाँचों ज़िलों में इंटरनेट सेवाओं और मोबाइल डेटा सेवाओं को अस्थायी तौर पर निलंबित करने संबंधी आदेश देने का फ़ैसला किया है, जिनमें ब्रॉडबैंड, वीसैट और वीपीएन सेवाएँ भी शामिल हैं।
बच्चों की मौत से भड़का विरोध
बीती रात मणिपुर के बिष्णुपुर ज़िले में हुए एक बम हमले में दो बच्चों की मौत हो गई और उनकी माँ घायल हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना रात करीब एक बजे हुई, जब संदिग्ध उग्रवादियों ने मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में एक घर पर बम फेंका, जिससे पांच साल के एक लड़के और छह महीने की एक बच्ची की मौत हो गई।
यह भी पढ़े: मणिपुर में पूरे नहीं मिल पाये लूटे गये हथियार : कोंथौजम
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इस हमले को एक बर्बर कृत्य बताया और लोगों को आश्वासन दिया कि इस अपराध के ज़िम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी तथा कानून के तहत उनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। घटना के विरोध में आज सुबह स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों तथा एक ट्रक में आग लगा दी। उन्होंने मोइरांग थाने के सामने टायर जलाए और पुलिस की एक अस्थायी चौकी को भी नष्ट कर दिया। अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



