हैदराबाद : सड़क हादसे में दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत, एक घायल
हैदराबाद, मल्काजगिरी के वनस्थलीपुरम थाना परिधि में शराब के नशे में तेज रफ्तार होण्डा सिटी कार चलाते हुए राम कुमार रेड्डी ने इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल पर जा रहे दो कॉलेज छात्रों को टक्कर मार दी। इसके बाद फरार होने के प्रयास में राम कुमार रेड्डी ने कार की रफ्तार और तेज कर दी। इस दौरान सड़क पार कर रहा श्रीधर नामक एक युवक कार की चपेट में आकर घायल हो गया।
दो हादसों को अंजाम देने के बावजूद भी राम कुमार रेड्डी ने अपनी कार नहीं रोकी और तेज रफ्तार से आगे निकल गया। हादसे के दौरान कार की रफ्तार लगभग 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज रफ्तार के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और कुछ दूर जाने के बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में दो इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुँची वनस्थलीपुरम पुलिस ने कार चालक राम कुमार रेड्डी को हिरासत में ले लिया और ब्रीथिंग एनालाइजर से जाँच करने पर वह 152 प्वाइंट नशे की हालत में पाया गया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत
किराए के कमरे में रहकर छात्रों ने जारी रखी पढ़ाई
पुलिस ने बताया कि एचबी कॉलोनी, मिर्यालगुड़ा निवासी एन. श्रीरामुलू का पुत्र एन. संदीप कुमार (19) और अलवाला विलेज, तिरुमलगिरी मंडल, नलगोंडा निवासी कंचर्ला वेंकटेश्वरुलू का पुत्र कंचर्ला शिवा (20) महावीर इंजीनियरिंग कॉलेज में बी.टेक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई करते हुए एक किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। मंगलवार रात 11.30 बजे दोनों इलेक्ट्रिक बाइक पर सागर रिंग रोड से बी.एन. रेड्डी नगर की ओर जा रहे थे और संदीप बाइक चला रहा था।
रास्ते में जेप्टो स्टोर इंडियन ऑयल पेट्रोल पम्प ओमकार नगर के पास करमनघाट से बी.एन.रेड्डी नगर की ओर कार में जा रहे राम कुमार रेड्डी ने पहले इन दोनों की मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही दोनों छात्र बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और सिर फट जाने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद फरार होने के चक्कर में राम कुमार रेड्डी ने सड़क पार कर रहे श्रीधर को टक्कर मार दी। घायल श्रीधर को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस राम रेड्डी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और 125(ए) के तहत मामले दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



