ज्वेलरी शॉप में लूट के आरोपियों की बाइक मिली

जग्तियाल, जग्तियाल जिले की पीएमजे ज्वेलरी शॉप डकैती मामले में लगभग दो दिनों बाद पुलिस के हाथ आरोपियों की दोपहिया लगी। धर्मपुरी मंदिर क्षेत्र में गोदावरी नदी के किनारे महालक्ष्मी पुष्कर घाट के पास एक संदिग्ध बाइक बरामद की गई, जिसे डकैती के बाद फरार होने में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
बताया गया कि एक पेड़ के निकट काले रंग की पल्सर बाइक के साथ एक हेलमेट और पानी की बोतल भी मिली। डकैतों द्वारा बाइक को घाट पर छोड़कर पैदल ही नदी पार करते हुए महाराष्ट्र की ओर फरार होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
बताया गया है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोपहिया को जब्त कर वाहन के नंबर प्लेट के आधार पर मालिक और पते की जानकारी जुटाई जा रही है।
इधर जांच में सामने आया कि डकैती में दो बाइकों का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन अब तक केवल एक ही बाइक बरामद हो पाई है। दूसरी बाइक की तलाश बीरपुर जंगल क्षेत्र में की जा रही है। पुलिस को राम डुगु के रुद्राराम गांव में एक घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों बाइकों की गतिविधियां भी मिली। फुटेज में संदिग्ध जग्तियाल होते हुए ग्रामीण मार्गों से धर्मपुरी पहुंचे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग की बजाय उन्होंने बीरपुर के जंगल रास्तों का इस्तेमाल किया, ताकि सीसीटीवी और पुलिस चेकिंग को चकमा दिया जा सके।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : ऑक्सीजन टैंकरों में विस्फोट के चलते 5 घायल
उल्लेखनीय है कि रुद्राराम को छोड़कर अन्य किसी स्थान पर आरोपियों की गतिविधियां कैमरे में कैद नहीं हुई हैं, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस की भी सहायता ले रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



