एआई पर बनेगी समिति : मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा कि कौशल में सुधार करने पर कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिल जाएंगे। उन्होंने मानव संसाधन विकास के लिए कुपोषण की समस्या को कम करने का सुझाव दिया। तेलंगाना के भविष्य की योजना पर आयोजित बैठक में रघुराम राजन ने कई सुझाव दिए। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में आज शाम उनके जुबली हिल्स स्थित आवास पर आयोजित इस बैठक में रघुराम राजन के साथ उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का और उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए। इस बैठक में सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव सहित अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर रघुराम राजन ने कहा कि सरकारों की सुगम व्यापार नीति पर नए उद्योग और निवेश निर्भर करते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि स्टार्टअप्स को अधिक प्रोत्साहन देने से और अधिक लाभ होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बताया कि राज्य सरकार स्कूल, उच्च और तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा के पाठ्यक्रम में एआई के उपयोग पर एक समिति का गठन करने जा रही है। उन्होंने रघुराम राजन से उपयुक्त सलाह और सुझाव देने का अनुरोध किया।
यह भी पढ़ें… उत्तम कुमार रेड्डी ने दिए धान खरीदी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
एआई के सही उपयोग से सभी को होगा लाभ
इसके साथ ही सीएम ने बताया कि मध्य स्तर की नौकरियों के सृजन के लिए स्किल्स यूनिवर्सिटी और एटीसी का विकास किया जा रहा है। रघुराम राजन ने टिप्पणी की कि एआई का सही तरीके से उपयोग करने पर सभी को लाभ होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि तमिलनाडु की तरह औद्योगिक नीति होने पर अधिक निवेश आकर्षित किया जा सकता है। डेटा सेंटरों के लिए बड़े पैमाने पर बिजली और पानी की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि वे तीन-चार महीनों में हैदराबाद के दौरा पर आयेंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि राज्य में उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक सभी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। आवश्यक भूमि के साथ-साथ बुनियादी ढाँचा उपलब्ध है। भविष्य की जरूरतों के अनुसार बिजली उत्पादन किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, आउटर रिंग रोड सहित कई सुविधाएं तैयार हैं। क्षेत्रीय रिंग रोड के निर्माण के साथ-साथ रेडियल रोड और उद्योगों के लिए विशेष क्लस्टर लाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत है।
राज्य को तीन भागों में विभाजित कर विकास पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने बताया कि सुगम व्यापार के अनुरूप तेलंगाना में अनुकूल परिस्थितियाँ हैं। उन्होंने रघुराम राजन को बताया कि फार्मा, आईटी और डेटा सेंटरों के लिए अच्छा वातावरण और सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



