शातिर ठग एक किलो सोने के आभूषण लेकर फरार

हैदराबाद, बंजारा हिल्स थाना परिधि में एक शातिर ठग ने ज्वेलरी शोरूम संचालक को एक किलो नकली सोने के बिस्कुट सौंपकर एक किलो असली सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।

बंजारा हिल्स पुलिस के अनुसार, बंजारा हिल्स रोड नं. 2 स्वर्ण काव्यम के नाम से संचालित ज्वेलरी शॉप की संचालिका लक्ष्मी काव्या को कुछ दिन पूर्व इंस्टाग्राम के जरिए काचीगुड़ा निम्बोलीअड्डा निवासी श्रीनाथ राठी उर्फ अंकिमत नामक युवक से परिचय हुआ। श्रीनाथ ने अपने आपको हैदराबाद के एक प्रमुख उद्योगपति रेड्डी परिवार का निजी सचिव बताते हुए लक्ष्मी काव्या से बात की। उसने बताया कि उसके और उद्योगपति परिवार के पास भारी मात्रा में सोने के बिस्कुट है और वे बिस्कुट देकर इसके बदले सोने के आभूषण खरीदना चाहते हैं।

इस प्रकार उनके शोरूम से सोने के आभूषण खरीदने पर उनका व्यापार बढ़ेगा और उन्हें आसानी से बैंक ऋण भी प्राप्त होगा। लक्ष्मी काव्या ने प्रारंभ में उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और बार-बार जोर देने पर उसने सोने के बिस्कुट के बदले सोने के आभूषण देने के लिए हामी भर दी। इस प्रकार श्रीनाथ ने पहली बार अपने अनुचर कृष्णा और मनोज के जरिए 16 तोला सोने के आभूषण खरीदकर दो बैंक चेक दिए और दूसरे दिन 160 ग्राम के सोने के बिस्कुट लक्ष्मी काव्या को भिजवाए।

दूसरे दिन 30 तोला सोने के आभूषण लेने के बाद इसके बदले सोने के बिस्कुट दिए। तीसरी बार 50 तोला सोने के आभूषण खरीदने के बाद दूसरे दिन श्रीनाथ ने 9 लाख रुपये भिजवाए। इस प्रकार विश्वास हासिल करने के बाद 25 फरवरी को श्रीनाथ ने लक्ष्मी काव्या के ज्वेलरी शोरूम में जाकर एक किलो सोने के आभूषण लिए और अपने साथियों के जरिए सोने के बिस्कुट भेजने की बात कहकर वह शोरूम से निकल गया।

लक्ष्मी काव्या को सोने के बिस्कुट दिए गए, बाद में निकले नकली

उसी दिन बंजारा हिल्स पार्क हयात होटल के पास कृष्णा ने लक्ष्मी काव्या को बुलाकर एक किलो सोने के बिस्कुट उसे सौंपे। सौंपे गए बिस्कुट की संख्या अधिक होने के कारण लक्ष्मी काव्या को संदेह हुआ और परीक्षण करवाने पर सोने के बिस्कुट नकली पाए गए। उसने तुरन्त श्रीनाथ को फोन किया, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ पाया गया। लक्ष्मी काव्या ने इस घटना की पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर कृष्णा को हिरासत में ले लिया।

यह भी पढे़: फर्जी पुलिस बनकर व्यापारी को लूटने वाले गिरफ़्तार

पूछताछ करने पर उसने बताया कि श्रीनाथ ने उसे चार दिन पूर्व ही नौकरी पर रखा था और उससे कहा कि वह सोने के बिस्कुट और सोने के आभूषणों का व्यापार करता है। श्रीनाथ ने उसे सोमाजीगुड़ा के एक होटल के कमरे में रखा हुआ था। इस प्रकार ठगी को अंजाम देकर श्रीनाथ 1.6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। श्रीनाथ को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष दल का गठन किया गया है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button