हैदराबाद भक्त ने वेंकटेश्वर को नागाभरणम किया अर्पित
हैदराबाद, हैदराबाद के एक भक्त ने तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर को लगभग 3.35 किलोग्राम 22 कैरेट सोने का ‘नागाभरणम’ भेंट किया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हैदराबाद के एक दानकर्ता ने 19 मार्च, 2026 को उगादि के अवसर पर तिरुमला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को ‘नागाभरणम’ (नाग आभूषण) अर्पित किया है।
इस आभूषण का वज़न 3.35 किलोग्राम है, जिसे 22 कैरेट शुद्ध सोने से बनाया गया है। इस पर ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (बीआईएस) की हॉलमार्किंग है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 5.75 करोड़ रुपये है। नागाभरणम हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित तिरुमला ज्वेलर्स द्वारा अत्यंत बारीक कारीगरी के साथ तैयार किया गया है।
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारियों द्वारा विधिवत स्वीकार किया गया
इसे देश के उन बेहतरीन कारीगरों की मदद से बनाया गया है, जो 1995 से आभूषण निर्माण में अपनी विशेषज्ञता के लिए प्रसिद्ध हैं। यह आभूषण असाधारण कारीगरी और भक्ति भाव को दर्शाता है, जो मंदिर की पवित्र परंपराओं के सर्वथा अनुरूप है। इस भेंट को तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अधिकारियों द्वारा विधिवत स्वीकार किया गया।
इस दान को रिकॉर्ड में दर्ज करने के लिए आधिकारिक रसीद भी जारी की गई। यह आभूषण वर्तमान में मूल्यांकन की प्रक्रिया में है और उम्मीद है कि भविष्य में भगवान के श्रृंगार के लिए इसे उनके तिरुभरणम (पवित्र आभूषणों) के संग्रह का हिस्सा बनाया जाएगा। अवसर पर तिरुमला ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक अमित गुप्ता ने कहा कि तिरुमला ज्वेलर्स ने इस नागाभरणम को पूरी आस्था, उत्कृष्ट कारीगरी और भक्ति-भाव के साथ बनाया है। इसमें हमारा कोई भी व्यावसायिक उद्देश्य नहीं था। हम दानकर्ता की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनकी इच्छा के अनुसार, हमनें उनकी पहचान उजागर नहीं की है, क्योंकि वे गुमनाम ही रहना चाहते हैं।
यह भी पढ़े– नामपल्ली में 1.2 किलो गांजे के साथ 1 गिरफ्तार, 2 फरार
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





