मल्काजगिरी में पहाड़ी से कचरा वाहन पर गिरी चट्टान, बाल बाल बचे लोग

हैदराबाद, मल्काजगिरी के मल्लिकार्जुन नगर में गुरुवार को पहाड़ से एक भारी भरकम चट्टान सड़क पर आ गिरी। सौभाग्य से उस समय वहाँ कोई नहीं था, इसलिए एक बड़ा हादसा टल गया और लोग बाल बाल बच गए, हालांकि जीएचएमसी का कचरा इकट्ठा करने वाला वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन की स्थिति से साफ है कि यदि वाहन में या आस पास कोई होता, तो बच पाना मुश्किल था।
मल्काजगिरी में चट्टान मुख्य सड़क पर लुढ़क आई। इस घटना ने स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है, ताकि ऐसी कोई और घटना न घटे। स्थानीय निवासियों के अनुसार, भूस्खलन मेडचल-मलकाजगिरी जिले के मल्लिकार्जुन नगर मुख्य मार्ग पर हुआ। मल्लिकार्जुन नगर कल्याण संघ के निवासी और सदस्य सिरिगिरी विजय कुमार ने बताया कि मल्लिकार्जुन नगर के पास पहाड़ी की चोटी से बड़ी-बड़ी चट्टानें मुख्य सड़क पर आ गिरीं। सौभाग्य से कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन सड़क किनारे खड़ी जीएचएमसी की कचरा इकट्ठा करने वाली एक गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
यह भी पढ़ें… एबीवीपी ने किया रेवंत रेड्डी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

पहाड़ी पर लटकती चट्टान से क्षेत्रवासियों में बढ़ा खतरा
एक और विशाल चट्टान पहाड़ी पर अस्थिर स्थिति में है और कभी भी गिर सकती है, जिससे यात्रियों और आसपास के घरों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। विजय कुमार ने हैद्रा आयुक्त, तेलंगाना के मुख्य सचिव, जीएचएमसी आयुक्त और मेडचल-मल्काजगिरी के जिला कलेक्टर सहित कई अधिकारियों को औपचारिक रूप से इसकी शिकायत की है। अपनी शिकायत में उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा के लिए युद्धस्तर पर तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। उनके पत्र में इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि प्रभावित पहाड़ी क्षेत्र हैद्रा के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सरकारी भूमि है।
हैद्रा के बोर्ड पहले ही लगाए जा चुके हैं, जो दर्शाते हैं कि भूमि आधिकारिक संरक्षण में है। हालांकि यह संज्ञान में आया है कि इस सरकारी भूमि पर अवैध रूप से भूमि हड़पने की गतिविधियाँ हो रही हैं, जो संभवत प्राकृतिक ढलान को बिगाड़ रही हैं और ऐसी घटनाओं को जन्म दे रही हैं। सरकार से अनुरोध किया गया है कि इस क्षेत्र की घेराबंदी की जाए और खतरे वाले स्थल पर लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया जाए। चट्टानों को हटाने के लिए हैद्रा और जीएचएमसी द्वारा त्वरित कदम उठाए जाएँ। स्थानीय निवासियों ने बताया कि शिकायत के बावजूद गुरुवार शाम तक, जीएचएमसी, हैद्रा या ज़िला कलेक्टर कार्यालय से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।




