अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए पूरी तरह से फिट: वरुण
नयी दिल्ली, भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने कहा है कि पेट के संक्रमण से उबर रहे आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले में खेलने के लिए पूरी तरह फिट दिख रहे हैं।
अभिषेक अस्वस्थ होने के कारण गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे। पेट के संक्रमण के कारण उन्हें दो दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। चक्रवर्ती ने कहा कि यह सलामी बल्लेबाज बेहतर महसूस कर रहा है और उन्हें लगता है कि अगला मैच खेल सकता है।
खेलने के लिए पूरी तरह से फिट
चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह अगला मैच खेलेगा। मुझे उसकी स्थिति के बारे में पूरी तरह नहीं पता। लेकिन मैंने उससे बात की है, वह अच्छी स्थिति में लग रहा है। उसने आज कुछ अभ्यास भी किया। उसने बताया कि वह वापसी की प्रक्रिया में है।’’ भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय कहा था कि अभिषेक पूरी तरह फिट होने से पहले एक या दो मैच से बाहर रह सकते हैं। अभिषेक की अनुपस्थिति में संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत की थी।
अभिषेक अब भी कमजोरी महसूस कर रहे, पाकिस्तान के खिलाफ खेलने पर अनिश्चितता
भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण टी20 विश्व कप ग्रुप मुकाबले में उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। पेट के संक्रमण से जुड़ी समस्या से जूझ रहे अभिषेक को तेज बुखार और पेट दर्द की शिकायत के बाद दो दिन के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।
बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल से छुट्टी मिल गई। लेकिन बृहस्पतिवार को जब भारतीय टीम ने कोटला मैदान पर अभ्यास किया, तब अभिषेक ने ट्रेनिंग नहीं की क्योंकि वे अब भी थोड़ा कमजोरी महसूस कर रहे हैं। उनका थोड़ा वजन भी कम हुआ है और पेट के गंभीर संक्रमण की स्थिति में पूरी तरह स्वस्थ होकर शीर्ष स्तर का क्रिकेट खेलने लायक ताकत और सहनशक्ति हासिल करने में समय लगता है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने संकेत दिया कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उनका खेलना संदिग्ध हो सकता है। उन्होंने कहा, अभिषेक अभी पूरी तरह ठीक नहीं हैं, एक-दो मैच लग सकते हैं। ’’ समझा जाता है कि कोलंबो में उनका अभ्यास सत्र इस बात का संकेत देगा कि वह किस स्थिति में हैं। यदि वह नेट्स में सामान्य रूप से लंबे समय तक बल्लेबाजी करते हैं तो इसे उनके खेलने के लिए फिट होने का संकेत माना जा सकता है। पिछले एक साल में भारतीय टीम के नेट सत्र पर नजर डालें तो अभिषेक कई बार बल्लेबाजी करते हैं और तीन घंटे के अभ्यास सत्र में वह लगभग 75 से 90 मिनट तक बल्लेबाजी करते हैं।(भाषा )
यह भी पढ़े– नामपल्ली स्टेशन रोड पर जोखिम भरा स्टंट, हादसे को दावत
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



