ट्रेडिंग फ्राड केस में आरोपी अरेस्ट
हैदराबाद, हैदराबाद की साइबर अपराध पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्राड के मामले में फरार आरोपी सिद्धार्थ अपार्टमेंट, बौद्धानगर, वारिसगुड़ा निवासी व मूलत निज़ामाबाद के रहने वाले चिक्काला संतोष कुमार (31) को गिरफ्तार कर लिया। इसके पूर्व इस मामले में पुलिस ने हैदराबाद से साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले कॉलेज छात्र शेख अनवर सईद उर्फ अयान, ऑटो चालक अतकेश्वरम नवीन कुमार, डेलिवरी बॉय मोदीकोंडा निवास और निजीकर्मी दोरापल्ली उदय को गिरफ्तार किया है।
ऑनलाइन निवेश के नाम पर व्यापारी से ठगी
आज यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) पी. विश्वप्रसाद ने बताया कि पेशे से व्यापारी संतोष कुमार के खिलाफ देशभर में 6 मामले दर्ज हैं, जिसमें से दो मामले तेलंगाना से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता को हाल ही में नेहा नामक महिला ने फोन किया और उसे बताया कि वह कॉग्नीजेंट कंपनी में काम करती है। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई और दोनों व्हॉट्सऐप के जरिए चैटिंग करने लगे।

चैटिंग के दौरान उसने ऑनलाइन स्तर पर पूँजी निवेश करने के लिए शिकायतकर्ता को उकसाया और कुछ ऑनलाइन ट्रेडिंग संबंधी वेबसाइट और एप्लीकेशन की जानकारी दी। उसके कहने पर शिकायतकर्ता ने 1.7 लाख रुपये ऑनलाइन स्तर पर निवेश किए। उसे उसके निवेश पर 20,100 अमेरिकन डॉलर का लाभ बताया गया। पैसे विड्रॉ करने के बारे में पूछने पर उसे बताया गया कि उसे 4,82,400 रुपये टैक्स के रूप में भरने होंगे।
यह रकम भरने के बाद शिकायतकर्ता से 1,41,920 रुपये एक्सचेंज शुल्क के रूप में भरने के लिए कहा गया। नेहा ने उसे अपने जाल में फँसाने के लिए बताया कि उसने भी 66,920 रुपये भरे हैं। नेहा के कहने के बाद शिकायतकर्ता ने 75 हजार रुपये भरे। इसके बाद शिकायतकर्ता से 3,326 अमेरिकन डॉलर भरने के लिए कहा गया। बार-बार पैसे भरने की बात कहने पर शिकायतकर्ता को एहसास हो गया कि वह ठगी का शिकार हो गया है।
यह भी पढ़ें… जुलाई माह तक 48 साइबर ठग गिरफ्तार
सोशल मीडिया से साइबर ठगी तक का गिरोह बेनकाब
इस कारण उसने साइबर अपराध पुलिस में इस घटना की शिकायत कर दी। साइबर अपराध पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन करने के बाद आरोपी चिक्काला संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, ओड़िशा और तमिलनाडु में 6 मामले दर्ज़ है। आरोपी के पास से 24 डेबिट कार्ड, 5 पास बुक, 7 चेक बुक, एक लैपटॉप, फर्जी कंपनियों के तीन स्टैम्प, 15 सेलफोन, दो टैब, हाइटेक टीवी और एक प्रेस आईडी कार्ड जब्त किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस इंस्पेक्टर सीतारामुलू द्वारा की गई।
आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी कंपनियों की वेबसाइट जारी कर पूँजी निवेश की आड़ में ठगी को अंजाम दे रहा था। आरोपी ने कुछ दिन हवाई अड्डे पर कार्य किया और वर्ष 2015-16 के दौरान उसने कंसल्टेन्सी सर्विस प्रारंभ की और दुबई व सिंगापुर का दौरा किया। उसने दुबई और सिंगापुर में कुछ लोगों से समझौता कर कमीशन के आधार पर रोजगार के लिए युवाओं को भेज रहा था।
दुबई और सिंगापुर के अलावा तीन युवकों को उसने रोजगार हेतु कम्बोडिया भेजा था। कॉल सेंटर में फ्लोर सुपरवाइजर के रूप में कार्य करते हुए उसने लोगों से सोशल मीडिया और सेलफोन के जरिए संपर्क कर ऑनलाइन ठगी को अंजाम देने का अच्छा अनुभव प्राप्त कर लिया। इसके बाद वह स्वयं साइबर ठगी के रास्ते पर उतर आया। उसे गिरफ़्तार करने के बाद उसके खिलाफ मामले दर्ज़ कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



