महाराष्ट्र में एलपीजी अनियमितता पर कार्रवाई, 18 गिरफ्तार, 1,208 सिलेंडर जब्त

Ad

मुंबई, महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण एलपीजी की कथित कमी के बीच अनियमितताओं पर राज्य सरकार की कार्रवाई के तहत 23 मामले दर्ज किए गए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

विधान परिषद में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी द्वारा उठाए गए मुद्दे का जवाब देते हुए भुजबल ने पश्चिम एशिया संकट के बीच कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को गिनाया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जिला स्तर पर जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों की समितियां गठित कीं, जिन्होंने 2,129 छापे मारे और 1,208 सिलेंडर और 33,66,411 रुपये का सामान जब्त किया। भुजबल ने बताया कि राज्य सरकार ने 23 मामले दर्ज किए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के पास पर्याप्त मात्रा में केरोसिन है और वह सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के साथ मिलकर उनके ईंधन पंपों के माध्यम से इसे उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। भुजबल ने दावा किया कि रसोई गैस, एलपीजी और पीएनजी की कोई कमी नहीं है। मंत्री ने कहा कि उन्होंने आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के प्रतिनिधियों से बातचीत की, जिन्होंने उन्हें बताया कि रसोई गैस का उत्पादन नौ मीट्रिक टन से बढ़ाकर 11 मीट्रिक टन कर दिया गया है।

सिलेंडर वितरण में घरों को दी जाएगी पहली प्राथमिकता

मंत्री ने कहा कि यह मुद्दा केंद्र सरकार से संबंधित है, जिसने कहा है कि एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। मंत्री ने कहा कि खाना पकाने की गैस का भी पर्याप्त भंडार है, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है। भुजबल ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के तेल उपक्रमों के अधिकारियों ने बताया है कि ऊपर से आदेश आए हैं कि एलपीजी सिलेंडर वितरित करते समय घरों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

यह भी पढ़े: एलपीजी गैस के विज्ञापन को लेकर सतर्क रहे जनता : सज्जनार

अधिकारियों ने कहा कि इसके बाद अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, श्मशान घाटों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों सहित सामान्य सेवाओं को 100 प्रतिशत प्राथमिकता दी जानी चाहिए। भुजबल ने कहा कि पिछले महीने घरेलू सिलेंडर की कीमत 852.50 रुपये थी जो सात मार्च को बढ़कर 912.50 रुपये हो गई। पिछले महीने व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 1,720.50 रुपये से बढ़कर 1,835 रुपये हो गई। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button